सामने आए ग्रामीण पर तेंदुए ने कर दिया हमला
- वन विभाग का अमला इलाज के लिए ले गया अस्पताल

- वन विभाग का अमला इलाज के लिए ले गया अस्पताल
कुसमानिया. खिवनी अभ्यारण्य से लगे गांव रीछिखो में रविवार.सोमवार की रात्रि 3 बजे तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर घायल कर दिया। घायल व्यक्ति को सिर में चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही अभ्यारण्य के कर्मचारी घायल व्यक्ति को अपने वाहन से कन्नौद अस्पताल ले गए। जहां घायल का उपचार किया जा रहा है। ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार रविवार रात में 3 बजे ग्राम के हरिनारायण के घर के पीछे गवाड़े में बंधे बकरा.बकरियों के शिकार की मंशा से तेंदुआ वहां पहुंचा। घर के पीछे बंधी बकरियों की चिल्लाने की आवाज आने पर स्वयं बकरी मालिक हरिनारायण देखने गया तो उसे गवाड़े में तेंदुआ दिखाई दिया। जिसे देख हरिनारायण जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी भी उसके घर की और आए। ग्रामीणों की भीड़ देख तेंदुआ भागने लगा। तभी सामने से जगदीश पिता धनसिंह गोंड भी टार्च लेकर हरिनारायण के घर की और आ रहा था। जगदीश का तेंदुआ से आमना.सामना हुआ और तेंदुआ जगदीश को नोंचता हुआ जंगल की और भागा। इधर तेंदुए की चपेट में आने से जगदीश मौके पर ही बेहोश हो गया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने अभ्यारण्य के कर्मचारियों को दी। उसके बाद वन विभाग के कर्मचारी घायल को अपने गस्त वाहन से कन्नौद अस्पताल लेकर पहुंचे जहां घायल का उपचार किया जा रहा है। इस संबंध में खिवनी अभ्यारण के वन परिक्षेत्र अधिकारी विनोद वर्मा ने बताया कि करीब 4 बजे किसी ग्रामीण ने फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही अपने स्टाफ को मौके पर भेजा। उन्होंने वाहन से घायल को कन्नौद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया, ग्रामीण तेंदुआ होना बता रहे है। हमारे स्टाफ ने भी मौके पर तेंदुआ के पगमार्क देखे है। तेंदुआ आने की आहट से कई लोग दहशत में है। वहीं कई लोगों ने डर के कारण खेतों पर जाना बंद कर दिया है।
अब पाइए अपने शहर ( Dewas News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज