देवास

VIDEO हमराह में जुटे शहरवासी, तनाव भूलाकर किया सेहत पर फोकस, खुद के साथ देश को स्वस्थ रखने का लिया संकल्प

–मल्हार स्मृति गार्डन में हुआ पत्रिका हमराह का आयोजन, हर तबका बना सहभागी

देवासApr 28, 2019 / 08:54 pm

Amit S mandloi

dewas

देवास. सेहत के लिए सजग शहरवासी जुटे हुए थे। कोई योगा-प्राणायाम कर रहा था तो कोई वॉकिंग के जरिए सेहत बना रहा था। कोई रस्सी कूद रहा था तो कोई दूसरे व्यायाम कर फिट होने के जतन कर रहा था। उगते सूर्य के साथ बातें हो रही थी सेहत सुधारने की, लेकिन सेहत खुद की नहीं देश की भी। लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी मत रूपी आहुति के माध्य्म से देश की सेहत सुधारने की बातें हो रही थीं। महिला-पुरुष, युवा-युवतियां, कोच-खिलाड़ी, शिक्षक-विद्यार्थी हर कोई भागीदारी कर रहा था स्वच्छ राजनीति के साथ स्वस्थ समाज के लिए। रोजमर्रा की चिंताओं से बेपरवाह, तनावों से दूर हर कोई व्यायाम पर फोकस कर रहा था।
यह नजारा था रविवार को पत्रिका के हमराह कार्यक्रम का। दरअसल रविवार सुबह 6 बजे मल्हार स्मृति मंदिर उद्यान में पत्रिका हमराह का आयोजन फिर से शुरू हुआ। सेहत के साथ मस्तीभरे अंदाज में लोग इस आयोजन में सहभागी बने। सुबह की ताजी हवा में एक साथ आकर व्यायाम किया। पहले वॉकिंग की तो बाद में एक्सरसाइज। रस्सी कूदकर छोटे बच्चे सेहत का संदेश दे रहे थे तो कुछ बुजुर्ग योगा कर रहे थे। छोटी-छोटी एक्सरसाइज के बड़े फायदे बताए जा रहे थे और इन सबके अलावा सबसे खास बात देश की सेहत सुधारने की हो रही थी। पत्रिका के आयोजन की सराहना के साथ ही दिलाई जा रही थी मतदान की शपथ। अच्छे में से सबसे अच्छे को चुनने पर चर्चा हो रही थी।

फिट रहेंगे तो खुश रहेंगे

हमराह आयोजन में शहर के प्रबुद्धजनों के साथ ही जैन मिलन देवास, महिला मिलन देवास, जैन समाज के दूसरे ग्रुप, संस्कार भारती सहित स्कूलों के शिक्षक, खिलाड़ी, महिलाएं आदि जुटे। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और अपने सुझाव भी दिए। संचालन कर रहे मोहन वर्मा ने कहा कि सुबह सुबह ताजी हवा में सैर करने, व्यायाम करने से मन में स्फूर्ति, खुशी बनी रहती है। ऊर्जा का आभास होता है। दिनभर चुस्ती बनी रहती है। हर एक्टिविटी से अलग एनर्जी मिलती है। पत्रिका ने जो शुरुआत की है वह सराहनीय है क्योंकि फिट रहेंगे तो हम खुश रहेंगे। हम खुश रहेंगे तो परिवार खुश रहेगा। सामाजिक कार्यों में सहभागिता कर सकेंगे। चूंकि अभी चुनाव का समय है इसलिए हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि मतदान करें और औरों को भी प्रेरित करें। यह दुख की बात है कि करोड़ो रुपए खर्च करने के बाद भी हमारे देश में शत प्रतिशत मतदान नहीं होता क्योंकि जागरूकता का अभाव है। कुछ लोग सोचते हैं कि छुट्टी है। घर पर आराम करो। कुछ कहते हैं कि लंबी लाइन में कौन समय बर्बाद करे। कुछ यह कहते हैं कि मेरे वोट से क्या फर्क पड़ेगा। लेकिन हर वोट से फर्क पड़ता है। इसलिए देवास के लिए तो ये दोहरी खुशी की बात है कि एक तरफ हम खुद की सेहत बनाएंगे तो दूसरी ओर देश की सेहत के लिए कोशिश करेंगे। पत्रिका के इस आयोजन के माध्यम से हम सबको संदेश देंगे, प्रेरित करेंगे कि अच्छे में से ज्यादा अच्छे को चुनना है। जो लोग राहगीरी डे बंद होने से दुखी हैं वे इस आयोजन में जुड़ें और फन के साथ फिट रहने के जतन करें।
 

 

अगला आयोजन 5 मई को
मस्ती की पाठशाला अब 5 मई को लगेगी। 5 मई को मल्हार स्मृति में पत्रिका हमराह का आयोजन सुबह छह से 7.30 बजे तक होगा। सभी समाजसेवी संगठन, समाज सहित आम लोग आमंत्रित है।
patrika IMAGE CREDIT: patrika
मस्ती की, सेल्फी ली

कार्यक्रम में छोटे बच्चों व खिलाडिय़ों ने भी व्यायाम के साथ मस्ती की। रस्सी कूदने के साथ ही खिलाडिय़ों ने उपस्थितों को कसरत करवाई। एक घंटे तक सभी ने रोजमर्रा के तनाव भूलाकर मस्ती की। गार्डन में प्रतिदिन घूमने आने वाले लोग भी हमराह के बैनर तले आए। व्यायाम के बाद महिलाएं-युवा पास ही स्थित सेल्फी पॉइंट पर पहुंचे और मतदान की शपथ लेते हुए सेल्फी ली। कार्यक्रम स्थल पर भी बच्चे सेल्फी लेते रहे।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
इंडिया नहीं, भारत कहना चाहिए

जैन समाज से डॉ. प्रमोद जैन ने भी पत्रिका के आयोजन की सराहना कर शहरवासियों से इसमें जुडऩे का आग्रह किया। जैन ने कहा कि आयुर्वेद में भी यही कहा है कि पहला सुख निरोगी काया। इसलिए निरोगी रहना सबसे बड़ा सुख है। निरोगी रहने के लिए सुबह की ताजी हवा, व्यायाम, योग-प्राणायाम आदि का महत्व है। यह भी कहा कि आचार्य विद्यासागरजी ने कहा है कि हमारे देश भारत का नाम चक्रवर्ती सम्राट भरत के नाम पर पड़ा है। इसलिए हमें कोशिश करना चाहिए कि हम इसे इंडिया न कहें, भारत कहें। सभी को इसके लिए प्रेरित करें और अपने देश के गौरवशाली इतिहास को बताएं। विश्वामित्र अवार्डी सुदेश सांगते, संस्कार भारती के प्रकाश पंवार, इनोवेटिव स्कूल के सैयद मकसूद अली ने भी अपनी बात रखी और पत्रिका हमराह की सराहना की।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
दिल खोलकर किया हमराह का स्वागत

पत्रिका के हमराह आयोजन की शुरुआत का शहरवासियों ने दिल खोलकर स्वागत किया। उनके चेहरों पर छाई खुशी देखते ही बनती थी। इसी हमराह मुहिम के बाद तत्कालीन ननि कमिश्नर विशाल सिंह चौहान ने राहगीरी डे की शुरुआत की थी। हर रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर यह कार्यक्रम होता था, जिसमें मस्ती होती थी। एरोबिक्स, डांस, रनिंग, विविध खेल होते थे। चौहान के जाते ही राहगीरी डे बंद हो गया तो शहरवासी भी मायूस हुए लेकिन पत्रिका ने अपने अभियान हमराह के जरिए शहरवासियों को फिर से सेहतमंद सुबह का न्यौता दिया और शहरवासियों ने इसे स्वीकार कर इसमें सहभागिता की
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
मतदान की शपथ दिलाई

वर्तमान में चुनाव का दौर चल रहा है। कुछ राज्यों में मतदान हो चुका है तो कुछ जगह आगामी दिनों में होना है। लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व के साथ ही अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पत्रिका ने हमराह को भारत के भविष्य के चुनाव से भी जोड़ा। हमराह में जुटे शहरवासियों को मतदान की शपथ दिलाई गई। कहा गयाय कि आप खुद तो मतदान के लिए जाएं, लेकिन औरों को भी प्रेरित करें। उन्हें यह बताएं कि एक वोट का क्या महत्व है। जो पहली बार मतदान करने जा रहे हैं उनका यह दायित्व है कि वे अपने साथियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। हमराह में शामिल लोगों ने मतदान की शपथ तो ली ही साथ ही संकल्प भी लिया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.