देवास

रेल सेवाएं प्रभावित – 4 रेलवे स्टेशनों पर 4 ट्रेने रोकी, 2 को किया कैंसिल

आधा घंटा पहले पूरा कर लिया काम, करीब 200 अधिकारी-कर्मचारी व श्रमिक लगे

देवासFeb 10, 2020 / 09:59 am

KRISHNAKANT SHUKLA

5 घंटे का ब्लॉक लेकर, 4 रेलवे स्टेशनों पर 4 ट्रेने रोकी, 2 को किया कैंसिल

देवास. शहर को जल्द ही दो और रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिलने जा रही है। सिविल लाइन रोड पर मेंढकी रेलवे क्रॉसिंग और उज्जैन बायपास के रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माण कार्य चल रहा है। उज्जैन बायपास के ओवरब्रिज पर गर्डर रखने के लिए रेलवे ने पांच घंटे का ब्लॉक लेकर शनिवार देररात काम किया। इस दौरान चार रेलवे स्टेशनों पर चार रेलगाडिय़ों को रोका गया। दो क्रेनों की मदद से करीब 200 कर्मचारियों, श्रमिकों व अधिकारियों ने 36-36 मीटर लंबी तीन जोड़ गर्डर रखने का काम किया जो अनुमानित समय से करीब आधा घंटे ही पहला पूरा कर लिया। हालांकि इस कार्य के चलते दो ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था।

ओवरब्रिज पर गर्डर रखने के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही रेलवे ने शेड्यूल तय कर लिया था। ३ फरवरी को दोपहर में 3.10 से 4.10 बजे तक एक घंटे का ब्लॉक लेकर इसका ट्रॉयल भी किया गया था। तय कार्यक्रम अनुसार शनिवार रात को 12.30 से सुबह 5.30 बजे तक पांच घंटे का ब्लॉक लेकर काम शुरू किया गया। 12.40 से गर्डर रखने का काम शुरू किया और 5.10 बजे काम पूर्ण कर लिया गया। इस दौरान दो बड़ी क्रेनों का उपयोग किया गया।

क्रेनों की मदद से ओवरब्रिज के एक लेन पर 36-36 मीटर की गर्डर के तीन जोड़े रखे गए। इस दौरान रेलवे के 70 अधिकारी-कर्मचारी व ठेका कंपनी के करीब 130 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। गर्डर रखने के काम के दौरान रेलवे ट्रैक की बिजली सप्लाय भी बंद की गई थी। गर्डर रखने के काम के दौरान रेलवे के डिवीजनल इंजीनियर रवैभव सखलेचा, एनके शर्मा सीनियर सेक्शन इंजीनियर, आशीष पाराशर सीनियर सेक्शन इंजीनियर मक्सी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर देवास ए.एच. सिद्दीकी सहित इलेक्ट्रिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

शांति एक्सप्रेस, कोचुवेली सहित दो मालगाड़ी रोकीं

रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार गर्डर रखने के काम के दौरान देवास-उज्जैन के बीच कड़छा स्टेशन पर गांधीनगर-इंदौर शांति एक्सप्रेस, विक्रमनगर स्टेशन पर कोचुवेली एक्सप्रेस सहित देवास-मक्सी के बीच रणायल जसम्या स्टेशन में मालगाड़ी और देवास मेें एक मालगाड़ी को रोका गया। इसके चलते ये ट्रेनें कुछ लेट हुईं।

भोपाल-इंदौर सहित इंदौर-मक्सी एक्सप्रेस निरस्त

ओवरब्रिज के काम के चलते अल सुबह देवास आने वाली भोपाल- इंदौर एक्सप्रेस को निरस्त किया गया था। वहीं इंदौर से मक्सी व मक्सी के इंदौर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन भी निरस्त रही।

ब्लॉक के दौरान ये काम भी किए

बुधवार रात लिए गए ब्लॉक के दौरान कुछ अन्य जगहों पर भी काम पूरे किए गए। बरलई से मांगल्या के बीच पांच किमी, मांगल्या से लक्ष्मीबाईनगर स्टेशन के बीच पांच-पांच किमी ट्रैक पर मशीनों की मदद से मेंटेनेंस किया गया। इसके अलावा मांगल्या यार्ड में पॉइंट एंड क्रॉसिंग टर्न आउट का रिन्यूअल करके अपग्रेड किया गया।

बुधवार रात फिर लेंगे पांच घंटे का ब्लॉक

ओवरब्रिज की दूसरी लेन के हिस्से में गर्डर रखने का काम बुधवार रात को किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने रात 12.30 से गुरुवार सुबह 5.30 का ब्लॉक लिया है।

Hindi News / Dewas / रेल सेवाएं प्रभावित – 4 रेलवे स्टेशनों पर 4 ट्रेने रोकी, 2 को किया कैंसिल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.