scriptVIDEO नगर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से उड रहा धूल का गुबार, लोग बीमारी से परेशान दुकानें बंद करने की तैयारी | Road problem | Patrika News

VIDEO नगर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से उड रहा धूल का गुबार, लोग बीमारी से परेशान दुकानें बंद करने की तैयारी

locationदेवासPublished: Apr 21, 2019 10:51:20 am

Submitted by:

Amit S mandloi

तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बन रही परेशानी का सबब

dewas

dewas

कांटाफोड . बालकृष्ण शर्मा
नगर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से धूल के गुबार उड़ रहे है। कांटाफोड नगर का मुख्य मार्ग बस स्टैंड से लगाकर चन्द्रकेशर नदी के पुल तक लगभग पांच सौ मीटर लम्बाई का यह मार्ग वर्षों से उपेक्षा का शिकार हो रहा है। तकरीबन चार वर्ष पूर्व निर्मित कांटाफोड-नाचनमोर मार्ग निर्माण जीवीआर कम्पनी द्वारा किया गया था तब नगर के मुख्य मार्ग का निर्माण भी होना था किंतु चार वर्ष गुजर जाने के उपरांत भी यह मार्ग जस का तस बना हुआ है। चार वर्ष पूर्व सड़क निर्माण जीवीआर कम्पनी द्वारा नगर के मुख्य मार्ग का चिन्हांकन पर जल्द ही कार्य प्रारंभ करने की बात कंपनी अधिकारियों द्वारा कही गई थी किंतु आज तक इस सड़क की सुध लेने कोई नहीं आया।
नगरवासी कर रहे अपने को उपेक्षित महसूस

नगर के मुख्य मार्ग पर उड़ रही धूल से नगरवासियों के साथ ही राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर के नागरिकों द्वारा अनेकों मर्तबा सड़क सबंधित समस्याओं से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। किंतु नतीजा सिफर ही रहा। विगत फरवरी माह में भी नगर के व्यापारियों द्वारा तहसीलदार को आवेदन देकर सड़क संबंधित समस्याओं से अवगत कराया था जिस पर अधिकारियों द्वारा गतिअवरोधक बनाकर समस्या का कुछ हद तक हल निकालने का आश्वासन दिया गया था किंतु तकरीबन दो माह गुजर जाने के उपरांत भी गतिअवरोधक नहीं बनाए गए। पान दुकान संचालक गिरीश शर्मा, किराना व्यापारी लोकेश तिवारी ,सब्जी विक्रेता कैलाश अमोदिया ,होटल संचालक जैकी भाटिया, स्टेशनरी संचालक कैलाश साहू , प्रिंस भाटिया, पप्पू जोशी ,राजू वर्मा ने बताया कि नगर के व्यापारियों द्वारा पिछले फरवरी माह में नगर के मुख्य मार्ग नवीन निर्माण के संबंध में तहसीलदार को आवेदन देकर अवगत कराया था साथ ही समस्या का त्वरित निराकरण के लिए गतिअवरोधक बनाने की मांग व्यापारियों द्वारा की गई थी जिस पर अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह मे गतिअवरोधक बनाने का आश्वासन दिया गया था किंतु दो माह बीत जाने के उपरांत भी गतिअवरोधक नहीं बनाए गए।
तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बन रही परेशानी का सबब

व्यापारियों ने बताया कि गर्मी मे तेज हवाएं चलने के साथ ही तेज रफ्तार वाहनों के सड़क से गुजरने पर सड़क पर जमा हुआ धूल गुब्बारे बनकर उड़ता है जिससे हमे सर्दी ,खांसी सहित अन्य एलर्जीक बीमारियां हो रही है। नगर से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहन भी परेशानी का सबब बने हुए है। तेज रफ्तार वाहनों से धूल के साथ ही गिट्टी के टुकड़े भी उछलकर हमारे शरीर पर लगते है जिससे हमे सिर पर गिट्टी तथा पत्थरों के लगने का भय बना हुआ रहता है। अनेकों मर्तबा शासन स्तर पर अधिकारियों को अवगत करने के उपरांत भी समस्या जस की तस बनी हुई है। हमारी सुनने वाला कोई नही है जिससे हम अपने को उपेक्षित तथा ठगा हुआ महसूस कर रहे है।उल्लेखनीय यह है कि नगर के मुख्य मार्ग की सुध लेने वाला कोई नही है जिसके चलते नगरवासी अपने को उपेक्षित महसूस कर रहे है।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
जनप्रतिनिधियों के प्रति भी है रोष व्याप्त

नगरवासीयों मे क्षेत्र के दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों के प्रति भी रोष व्याप्त है। नगर के नागरिकों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों प्रमुख दलों के जनप्रतिनिधियों से नगर के मुख्य मार्ग निर्माण को लेकर सवाल किए जा रहे है। नगर की सड़क समस्या को लेकर दोनो दलों को आगामी लोकसभा चुनावों मे नागरिकों की नाराजगी का सामना भी करना पड़ सकता है।

ट्रेंडिंग वीडियो