script

दावा किया था रोज पानी देने का लेकिन आज भी कई जगह एक दिन छोड़कर आ रहे नल

locationदेवासPublished: Mar 27, 2019 12:05:18 pm

Submitted by:

Amit S mandloi

-महापौर ने प्रेसनोट जारी कर थपथपाई थी खुद की पीठ लेकिन हकीकत जुदा, कई वार्डों में नहीं मिल रहा प्रतिदिन पानी -सभापति के वार्ड में ही एक दिन छोड़कर आ रहे नल तो दूसरे वार्डों में भी हाल बेहाल

dewas

dewas

देवास. अमजद शेख

नगर निगम ने एक माह पूर्व दावा किया था कि शहर के 20 वार्डों में रोजाना पानी दिया जाएगा लेकिन हकीकत इसके उलट है। आज एक माह से ज्यादा हो गया, लेकिन नगर निगम शहर के चिन्हित 20 वार्डों में रोजाना पानी देने की योजना को जमीन पर नहीं उतार पाया है। महापौर सुभाष शर्मा ने दावा किया था कि शहर को 37 साल बाद अब रोजाना पानी मिलेगा, जिसकी शुरुआत शहर के 20 वार्डों से कर रहे हैं लेकिन 37 साल बाद भी अभी रोजाना पानी देने का दावा कागज पर नजर आ रहा है।
नगर निगम की ओर से 23 फरवरी को प्रेसनोट जारी कर दावा किया गया था कि 37 वर्षों बाद शहर में प्रतिदिन जल वितरण व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। महापौर शर्मा ने इस संबंध में बताया था कि वर्ष 1982 में शहर में प्रतिदिन जल वितरण किया जाता था। 37 वर्षों बाद प्रतिदिन जल वितरण की व्यवस्था अन्तर्गत शहर के 20 वार्डों में रोजाना पानी दिया जाएगा। पत्रिका ने इन 20 वार्डों में रोजाना पानी देने की योजना की पड़ताल की तो अधिकांश में रोजाना पानी नहीं मिल रहा है।
निगम सभापति अंसार एहमद के वार्ड 27 में योजना शुरू होने के 8 से 12 दिन ही पानी मिला, इसके बाद अब फिर से एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। निगम सभापति अंसार एहमद हालाकि इस योजना का बचाव करते हुए बोले कि पुरानी लाइन में लीकेज की समस्या आ रही है, जिसके कारण अभी रोजाना पानी नहीं दे पा रहे हैं। पुरानी लाइन में सुधार होते ही रोजाना पानी दिया जाएगा। इसके बाद हम वार्ड 31 मेंं पहुंचे तो यहां भी अभी रोजाना पानी नहीं मिल रहा है, जबकि चुनिंदा 20 वार्डों में ये वार्ड भी शामिल था।
इस वार्ड की पार्षद वर्षा सुनील योगी ने बताया कि अभी पेयजल लाइन में तकनीकी समस्या आ रही है, जिसके कारण रोजाना पानी नहीं दिया जा रहा है। ये परेशानी दूर होते ही वार्ड में रोजाना पानी मिलेगा। वार्ड 17 ंमें भी लोगों को रोजाना पानी नहीं मिल रहा है। इस वार्ड में एक दिन छोड़कर पानी आ रहा है। इस वार्ड के पार्षद इरफान अली का अजीब तर्क सामने आया, वे बोले पानी का दुरुपयोग ज्यादा हो रहा था, जिसके चलते रोजाना पानी देने से मना कर दिया। नेता प्रतिपक्ष विक्रम पटेल के वार्ड 44 में भी रोजाना पानी नहीं मिल रहा है, पटेल ने बताया कि मेरे वार्ड में राजीव नगर, चूना खदान, शंकरगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में पानी का संकट अधिक है, यहां पर नियमति नल नहीं आ रहे हैं।

कुछ क्षेत्र होंगे जहां पानी नहीं जा रहा
चिन्हित सभी 20 वार्डों में रोजाना पानी दे रहे हैं, अब वार्ड भी बड़ा रहे हैं। कुछ क्षेत्र होंगे जहां पानी रोजाना नहीं जा रहा होगा। अब हम शेष 25 वार्डों में रोजाना पानी देने की तैयारी कर रहे हैं। लाइन जुड़ रही है, काम तेजी से चल रहा है। कई जगह लाइन फूटने के कारण परेशानी आ रही है। मंगलवार को ही विजय नगर जाने वाली लाइन फूट गई, जिसके चलते अभी शाम को पानी दे रहे हैं। जहां रोजाना पानी नहीं पहुंच रहा वे नई टंकी से अभी जुड़े नहीं होंगे। टंकी के हिसाब से जो वार्ड लगे हैं उनमें पानी जा रहा है। जो परेशानी है उसे दूर करेंगे, हमारे अधिकारी लगे हैं। ये लगातार चलनी वाली प्रोसेस है, लगातार सुधार करेंगे। निगम चुनाव से पहले सभी वार्डों में रोजाना पानी देने लग जाएंगे।
सुभाष शर्मा, महापौर
नगर निगम देवास।

ट्रेंडिंग वीडियो