देवास

जब भाजपा पार्षद को लिखना पड़ा, प्यासी है जनता पानी तो दे दो

– 8 अगस्त को सभी को लिखा पत्र 11 को पहुंचे सभापति

देवासAug 12, 2018 / 10:41 am

amit mandloi

dewas

देवास.
नगर निगम में कांग्रेस तो दूर भाजपा पार्षदों के काम नहीं हो पा रहे है। हालत यह हो गई है कि पानी के लिए भाजपा पार्षद को पत्र लिखना पड़ रहा है। हालांकि ये पहला मामला नहीं है कि भाजपा की परिषद में भाजपा के पार्षदों को ही क्षेत्र में विकास के लिए हाथ जोडऩा पड रहे है।
वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद राजेश यादव के क्षेत्र में जलसंकट गहरा गया है। उन्होंने पहले अधिकारियों को मौखिक निवेदन किया था, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने 8 अगस्त को आयुक्त को पत्र लिखकर जलसंकट से निजात दिलाने की मांग करते हुए प्रतिलिपि महापौर, सभापति को दी थी, लेकिन किसी ने सुध लेना उचित नहीं समझा। पार्षद ने बताया था कि अगर जल कर का पैसा समय पर चुकता नहीं किया जाता है तो 25 प्रतिशत ब्याज लिया जाता है। निगम के अधिकारियों को बताया जाए कि स्वच्छता के अलावा भी जनता के जीवन के कई कार्य है, और उनका ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने पत्र में साफ लिखा है कि प्रदेश में भाजपा और निगम में परिषद भी भाजपा की है, इसके बाद भी जलसंकट दूर नहीं होने पर भाजपा पार्षद को पत्र लिखना पड रहा है। जनता को मैंने कई बार आश्वासन दिया है, लेकिन अब जनता में रोष है।
महापौर ने नहीं ली सुध सभापति पहुंच गए वार्ड में

पत्र के बाद सिर्फ सभापति अंसार अहमद ने रूचि दिखाई । उन्होंने तत्काल आयुक्त को पत्र लिखा था। पत्र में लिखा है कि ये स्थिति दुखद और निराशाजनक है। बारिश के मौसम में लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहे है, ये हमारे लिए शर्मनाक है। ये अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही को दर्शाता है। इसके बाद भी किसी ने सुध नहीं ली। इतना ही नहीं महापौर सुभाष शर्मा ने कोई पत्र या लोगों के बीच जाना उचित तक नहीं समझा। सभापति शनिवार को वार्डों का भ्रमण करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ निगम के जिम्मेदार भी थे। निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष को कार्यपालनयंत्री ने बताया कि वार्ड के विक्रम मार्ग से 200 एम एम की पाईप लाईन को 60 मीटर आगे बढ़ाकर कवि कालिदास मार्ग, नाथ मोहल्ला ,भवानी सागर एवं विक्रम मार्ग क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाएगा जिससे वार्ड में पेयजल पर्याप्त मात्रा में मिल सकेगा। इस लिए तत्काल कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद व वार्डवासी उपस्थित रहे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.