यह घटना रविवार को पूर्वान्ह भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में घटी। पुलिस के मुताबिक ग्राम देवरी निवासी वार्ड क्रमांक-एक के पंच नारायण बैस (36) पिता राजेन्द्र पूर्वान्ह 11 बजे गांव के तालाब में नहाने गया था। आसपास कुछ और लोग नहा रहे थे। इस बीच नहाते समय नारायण गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। जब काफी देर तक नारायण बाहर नहीं निकला तो आसपास नहा रहे लोगों ने खोजबीन की। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों और उसके परिजनों को सूचना दी। खबर पाकर बड़ी संख्या में लोग तालाब की ओर दौड़ पड़े। युवकों ने पानी में उतर कर खोजबीन शुरू कर दी। जब वह नहीं मिला, तो ग्रामीणों में तालाब में मछली पकडऩे का जाल डाला, जिसमें फंसकर नारायण का शव बाहर आ गया।
उलेखनीय है कि दो महीने में तालाब में डूबने से मौत की यह तीसरी घटना है। इसके पहले अप्रैल महीने में अर्जुनी थाना के ग्राम झिरिया में अपनी मां के साथ भूतहा तालाब में नहाने गई 7 साल की बच्ची पूर्णिमा ढीमर पिता कमल नारायण की डूबने से मौत हो गई थी। बच्ची की मां कपड़ा धो रही थी, तभी वह गहरे पानी में जाने से डूब गई। इसी तरह मई महीने में ग्राम डोमा में अपनी पत्नी के साथ नहाने के लिए पैठू तालाब गए युवक देवेन्द्र यादव की डूबने से मौत हो गई। बताया गया है कि नहाते समय वह तालाब में पोखर निकाल रहा था, तभी पुरईन (कमल) पत्तों में फंस गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। सात महीने पहले उसकी शादी हुई थी।