scriptमां नर्मदा को चढ़ाई 500 मीटर लंबी चुनरी | chunri yatra | Patrika News

मां नर्मदा को चढ़ाई 500 मीटर लंबी चुनरी

locationधारPublished: Feb 02, 2020 11:28:13 pm

Submitted by:

binod singh

श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में किया दीपदान

मां नर्मदा को चढ़ाई 500 मीटर लंबी चुनरी

मां नर्मदा को चढ़ाई 500 मीटर लंबी चुनरी

धरमपुरी. नर्मदा जयंती के अवसर पर शनिवार को मां नर्मदा सेवा समिति द्वारा मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई गई। नर्मदा नदी पर शीतलामाता घाट से रेवा गर्भ स्थान बेंट टापू तक 500 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। समिति द्वारा शनिवार सुबह 10 बजे सुनील सोनी के सहयोग से 51 लीटर दूध से नर्मदाजी का अभिषेक किया गया।
इसके बाद मां नर्मदा सेवा समिति द्वारा शनिवार शाम 4 बजे स्थानीय सराफा बाजार स्थित श्रीराम मंदिर से भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। करीब 500 मीटर लंबी चुनरी को महिलाएं ले कर चल रही थी। चुनरी यात्रा मराठा मोहल्ला चौराहा, राजबाड़ा चौक होते हुए शीतलामाता घाट पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर चुनरी यात्रा का स्वागत किया। चुनरी को विधि विधान पूर्वक मां नर्मदा को ओढ़ाया गया। मां नर्मदा को चुनरी चढ़ाते समय पं. विश्वनाथ व्यास, पं. राजेश जोशी व पं. रितेश जोशी द्वारा नर्मदाअष्टक की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। चुनरी लाभार्थी सुनीता गोवर्धन राठौड़ थी। चुनरी को नावों के सहारे रेवा गर्भ स्थान बेंट टापू तक ले जाया गया। इसके बाद भव्य महाआरती व महाप्रसादी संपन्न हुई। महाप्रसादी का वितरण चन्द्रभूषण महाजन की ओर से किया गया।
देर शाम तक चला पूजन का सिलसिला
नर्मदा जयंती पर शनिवार को मां नर्मदा का अभिषेक, पूजन का दौर सुबह से ही प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालु सुबह से ही नगर से सटे शीतलामाता घाट व पेड़ी घाट पर पहुंचने लगे थे। जहां श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान के बाद मां नर्मदा का पूजन कर दीपदान करना प्रारंभ कर दिया था। दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दोपहर 12 बजे तक रही। इसके बाद शनिवार दोपहर 3 बजे बाद से पेड़ी घाट और शीतलामाता घाट पर श्रद्धालुओं द्वारा मां नर्मदा का पूजन और दीपदान का सिलसिला पुन: प्रारंभ हो गया था, जो शाम तक जारी रहा। नर्मदे हर सेवा समिति द्वारा नर्मदा जयंती पर नर्मदा नदी में दीपदान का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नर्मदे हर सेवा समिति द्वारा शनिवार शाम 5 बजे पेड़ी घाट पर मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक किया गया। दुग्धाभिषेक पं. वीरेंद्र व्यास द्वारा कराया गया। इसके बाद भव्य आतिशबाजी कर मां नर्मदा में दीपदान किया गया। मां नर्मदा की महाआरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो