धारा 144 के बीच बंद रहे बाजार, नहीं चली बसें
दो पक्षों में विवाद के बाद बदनावर की स्थिति नियंत्रण में
धार
Published: May 31, 2019 12:38:22 am
बदनावर. दो पक्षों में विवाद के बाद लागू धारा 144 से बदनावर की स्थिति नियंत्रण में है। शहर के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिसबल की मौजूदगी से गुरुवार को बंद की स्थिति नजर आई। विभिन्न दुकानों के साथ सब्जी, पान की दुकानें एवं होटल बंद रहीं। बसें भी नहीं चलीं। विवाद के बाद लोगों में भय का माहौल है।
कलेक्टर दीपक सिंह एवं एसपी बीरेंद्र सिंह बदनावर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने 13 लोगों की रिपोर्ट पर 46 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। 7 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। संवेदनशील स्थानों पर अधिक पुलिस बल लगाया गया है। रातभर पुलिस की गाडिय़ां दौड़ती रहीं, उपद्रवियों की धड़पकड़ चलती रही।
दोपहर में दी ढील
गुरुवार सुबह पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया, लेकिन दोपहर के बाद ढील देने से बुधवार रात से घरों में दुबके लोगों को राहत मिली। पत्थरबाजी में टीआई सीबी सिंह, एसआई अनिलसिंह घुरैया, आरक्षक दिनेश धनगर, आरक्षक दुर्गादास वैष्णव, सुधीर पोरवाल, राजेंद्र सराफ, अशोक राठौड़, आशीष बोकडिय़ा, विपिन गिरि गोस्वामी घायल हुए है। सुधीर पोरवाल के सिर में तलवार से हमले के बाद गंभीरावस्था में इंदौर रेफर किया गया था।
अनुग्रह राशि के प्रकरण बनाए : नगर मे तनाव के बाद उपद्रवियों ने 25 दुकानों, तीन ऑटो रिक्शा में आगजनी एंव नुकसानी के बाद प्रभावित व्यक्ति एवं परिवारों को अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरण प्रतिवेदन पटवारी की पंचनामा रिपोर्ट के आधार पर बनाए गए।
अन्य आरोपियों को जल्द करेंगे गिरफ्तार : पुलिस ने लाखनसिंह पिता सोहनसिंह निवासी साकतली की रिपोर्ट पर चार लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी राजेंद्र सराफ की रिपोर्ट पर चार, आशीष बोकडिय़ा की रिपोर्ट पर चार, कपिल अशोक राठौड़ की रिपोर्ट पर पांच, विपिन गिरी गोस्वामी की रिपोर्ट पर एक, अरविंदसिंह पंवार पिटगारा की रिपोर्ट पर छह , फरियादी जाहिद हुसैन की रिपोर्ट पर छह , अलताफ मंसूरी की रिपोर्ट पर अज्ञात, फरियादी फिरोज मुंशी खान की रिपोर्ट पर सात, हुसैन बेग मिर्जा की रिपोर्ट पर दो, सिकंदर पटेल काछीबड़ोदा की रिपोर्ट पर नौ, अब्दुल सलाम की रिपोर्ट पर अज्ञात एवं फरियादी मुजीब अहमद बखतगढ़ की रिपोर्ट पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
एसपी बीरेंद्रसिह ने बताया कि घटना के बाद 12 लोगों पर प्रकरण दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य लोगों की पहचान फुटेज के आधार पर की जा रही है।
लाखों की संपत्ति का नुकसान
बुधवार रात हुए विवाद के बाद नगर में तनाव फैल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई लाठियों एवं तलवार से भी हमले में पुलिसकर्मियों सहित 8 लोग घायल हुए। 25 दुकानों एवं 3 ऑटो रिक्शा में आगजनी एवं तोडफ़ोड़ की घटना हुई। अनेक दुकानों को उपद्रवियों ने जलाने का प्रयास किया, लेकिन शटर नहीं खुलने से नुकसानी से बच गई। घटना में लाखों रुपए की संपत्ति में नुकसानी बताई जा रही है। जामा मस्जिद, काजीपुरा, ऊंचा तोड़ा के सदर वलीऊद्दीन कुरैशी ने मस्जिद पर पथराव के दौरान कांच फूटने का आवेदन पुलिस को दिया है।
500 जवानों का फोर्स बुलाया
गड़बड़ी के प्रयास करने वालों की सर्चिंग की जा रही है जिनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पेट्रोलिंग टीम गश्त कर रही है। 500 जवानों का पुलिस फोर्स झाबुआ, आलीराजपुर, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, खरगोन से बुलाया गया है। पुलिस फोर्स के आने बाद शांति कायम हुई है। कलेक्टर दीपकसिंह ने नगर में शांति कायम करने एवं अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

morket close
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
