script

कांग्रेस के राजवीर बने उप जिला प्रमुख, पांच उप प्रधान भी बनाए

locationधौलपुरPublished: Oct 31, 2021 07:07:05 pm

– उप जिला प्रमुख और उप प्रधान में भी कांग्रेस ने मारी बाजी
– धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी में निर्विरोध बने कांग्रेस के उप प्रधान
– राजाखेड़ा और सैंपऊ में कांग्रेस ने दी भाजपा को दी मात
– सरमथुरा में निर्दलियों का जलवा बरकरार
– सैंपऊ में भाजपा प्रत्याशी को मिला मात्र एक वोट

 Congress's Rajveer became deputy district chief, also made five deputy heads

कांग्रेस के राजवीर बने उप जिला प्रमुख, पांच उप प्रधान भी बनाए

कांग्रेस के राजवीर बने उप जिला प्रमुख, पांच उप प्रधान भी बनाए

– उप जिला प्रमुख और उप प्रधान में भी कांग्रेस ने मारी बाजी

– धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी में निर्विरोध बने कांग्रेस के उप प्रधान
– राजाखेड़ा और सैंपऊ में कांग्रेस ने दी भाजपा को दी मात

– सरमथुरा में निर्दलियों का जलवा बरकरार

– सैंपऊ में भाजपा प्रत्याशी को मिला मात्र एक वोट

धौलपुर. जिला प्रमुख और प्रधानों के बाद रविवार को कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख और उप प्रधानों के चुनाव में भी भाजपा का करारी शिकस्त दी। जिले में एकमात्र प्रधान बना पाई भाजपा कहीं भी उप प्रधान नहीं बना पाई। कांग्रेस ने निर्विरोध उप जिला प्रमुख सहित तीन पंचायत समितियों में निर्विरोध उप प्रधान बनाए। वहीं, दो पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भाजपा के प्रत्याशियों को भारी अंतर से हराया। एक पंचायत समिति में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उप प्रधान बना।
कांग्रेस का निर्विरोध उप जिला प्रमुख

रविवार को उप जिला प्रमुख पद के लिए एकमात्र कांग्रेस की ओर से नामांकन आया। कांग्रेस ने राजवीर सिंह को उप प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया। शनिवार को जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा में हुई क्रॉस वोटिंग से सकपकाई पार्टी ने उप जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी ही नहीं उतारा। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध उप जिला प्रमुख चुन लिया गया। दोपहर एक बजे बाद जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार जायसवाल ने विजेता को प्रमाण-पत्र सौंपा। इसके बाद जिला प्रमुख भगवान देवी व उप जिला प्रमुख राजवीर सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
धौलपुर: कांग्रेस की बबली गुर्जर निर्विरोध उप प्रधान

धौलपुर पंचायत समिति में कांग्रेस की बबली गुर्जर निर्विरोध उप प्रधान चुनी गई हैं। यहां रविवार को उप प्रधान के लिए एकमात्र नामांकन कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से आया। नाम वापसी का समय पूरा होने के पश्चात निर्वाचन अधिकारी ने बबली गुर्जर के निर्वाचन की घोषणा की। प्रधान पद चुनाव में पार्टी के विजेता प्रत्याशियों से भी कम वोट लाने से सदमे में आई भाजपा ने यहां प्रत्याशी नहीं उतारा। बता दें, प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की सीता देवी को 18 और भाजपा की प्रियंका को मात्र पांच मत मिले थे। जबकि यहां भाजपा के 10 सदस्य जीत कर आए हैं।
————-

बाड़ी: कांग्रेस की नवलदेवी जाटव निर्विरोध उप प्रधान

बाड़ी. पंचायत समिति में शनिवार को निर्विरोध प्रधान बनाने के बाद कांग्रेस ने रविवार को उप प्रधान भी निर्विरोध बनावा लिया। यहां कांग्रेस की नवलदेवी जाटव उप प्रधान निर्वाचित हुई हैं। रविवार को उप प्रधान पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से एकमात्र नामांकन आया। इस पर दोहपर एक बजे बाद निर्वाचन अधिकारी ने नवलदेवी के निर्वाचन की घोषणा कर दी। बता दें, यहां विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा के 22 वर्षीय पुत्र अजय सिंह परमार प्रधान चुने गए हैं।
——–

सैंपऊ: भाजपा ने मुंह की खाई

एक दिन पहले सैंपऊ में प्रधान बना चुकी भाजपा को उप प्रधान चुनाव में मुंह की खानी पड़ी। यहां उप प्रधान के लिए कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय ने उप प्रधान के लिए नामांकन किया। मतदान में कांग्रेस के दुष्यंत बघेल को 14 मत मिले। भाजपा की मधु डागुर को मात्र एक वोट मिला वहीं, निर्दलीय फतेह सिंह को एक भी मत नहीं मिला। पंचायत समिति के 12 सदस्यों ने नोटा में मतदान किया। गौरतलब है कि एक दिन पहले शनिवार को भाजपा ने सैंपऊ से जिले में पार्टी का एकमात्र प्रधान बनाया था। प्रधान चुनाव में भाजपा को 14 और कांग्रेस को 9 मत मिले थे। जबकि रविवार को तस्वीर एकदम उलट गई। भाजपा ने यहां निर्दलीय के रूप में जीत कर आईं मधु डागुर को प्रत्याशी बनाया था।
——-

बसेड़ी: कांग्रेस की इंद्रा देवी बनीं निर्विरोध उप प्रधान

बसेड़ी. पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर कांग्रेस की इंद्रा देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ हुई। जो 11 बजे समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस से वार्ड नम्बर 14 से सदस्य इंद्रा देवी ने उप प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया। अन्य किसी द्वारा नामांकन दाखिल नही होने से दोपहर 1 बजे अधिकारियों ने उन्हें निर्विरोध उपप्रधान घोषित कर दिया। जिसके बाद निर्वाचन अधिकारी सुभाष यादव ने नवनिर्वाचित उपप्रधान इंद्रा देवी को प्रमाण पत्र सौंपा व शपथ दिलाई। इस मौके पर तहसीलदार हरीओम गर्ग, गिरदावर प्रेमसिंह परमार, चुनाव टीम में पीतम सिंह जादौन, महावीर गर्ग, श्रीप्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।
—————
राजाखेड़ा: सीमा देवी बनीं उप प्रधान

राजाखेड़ा. पंचायत समिति के उप प्रधान पद के लिए रविवार को चुनाव सम्पन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया सुबह शुरू हुई। जिसमें कांग्रेस की ओर वार्ड 22 से विजयी प्रत्याशी सीमा देवी लोधा ने नामांकन दाखिल किया एवं भाजपा से वार्ड 4 से विजयी प्रत्याशी मनीराम ने नामांकन दाखिल किया। दोपहर 3 बजे सभी सदस्यों को पंचायत समिति लाया गया। पंचायत समिति के 25 में से 24 सदस्यों ने मतदान किया जिसमें कांग्रेस की सीमा को 21 मत मिले एवं भाजपा के मनीराम को 3 मत मिले। जबकि एक सदस्य मतदान में अनुपस्थित रहा। राजाखेड़ा एसडीएम देवीसिंह ने नवनिर्वाचित उप प्रधान सीमा देवी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
————–
सरमथुरा: कांग्रेस समर्थित निर्दलीय पतिराम बने उप प्रधान

सरमथुरा. पंचायत समिति में रविवार को उपप्रधान पद का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। जिसमें उपप्रधान पद पर वार्ड नम्बर 13 के निर्दलीय प्रत्याशी पतिराम मीणा को निर्विरोध चुना गया। पंचायत समिति कार्यालय सरमथुरा पर रिटर्निंग अधिकारी मनीष जाटव ने नवनिर्वाचित उप प्रधान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर प्रमाण पत्र सौंपा। नवनिर्वाचित उप प्रधान मीणा ने कहा कि मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं और जीवन भर कांग्रेस में ही रहूंगा। जनता ने मुझे इस पद पर बिठाया है और सदैव जनता के हर सुख-दुख में भागीदार रहूंगा और मेरी प्राथमिकता क्षेत्र का विकास कराने की रहेगी। इस मौके पर नव निर्वाचित उपप्रधान का लोगों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान संजय जाटव, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम लखन मीणा, बंटी मीणा बीझौली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ट्रेंडिंग वीडियो