धौलपुर. केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ने यहां राज्य सरकार पर बरसते हुए कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राजस्थान ने पश्चिम बंगाल को भी पीछे छोड़ दिया है। मिश्रा दो दिवसीय धौलपुर प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रीति-नीति से देश विकास की राह पर दौड़ रहा है। विदेशों में भी भारत की गूंज है। भारत के बढ़ते कदमों से परेशान लोग दंगे करा कर छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा निर्देश में भारत सरकार नए कीर्तिमान बना रही। सरकार की विदेश नीति, आर्थिक नीति, सामाजिक सुरक्षा, महिला, किसान, मजदूर, व्यापारी से संबंधित नीतियां भारतीय जनमानस को नई दिशा दे रही हैं। मिश्रा ने कहा कि राजस्थान में आगामी चुनाव को देखते भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करे। शक्ति एवं पन्ना प्रमुख की नियुक्ति करके संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। जिससे राजस्थान में भाजपा की सरकार बने। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में धौलपुर-करौली सांसद डॉ. मनोज राजोरिया, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा एवं धौलपुर भाजपा संगठन सह प्रभारी लोकेश चतुर्वेदी रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुखराम कोली ने संगठन की गतिविधियों से परिचय कराया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजोरिया ने कहा कि हमें कार्यकर्ताओं को मजबूत करना होगा। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने धौलपुर के मचकुंड चौराहे पर होने वाली दुर्घटना की रोकथाम तथा धौलपुर में शताब्दी एक्सप्रेस के पुन: ठहराव की मांग की। विधायक शोभारानी कुशवाहा ने कहा कि धौलपुर का जिला संगठन संघर्ष करते हुए आगे बढ़ रहा है। धौलपुर प्रभारी लोकेश चतुर्वेदी ने कहा कि हमें समर्पित कर्तव्य निष्ठा और पार्टी के प्रति जवाबदेही को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।नीति आयोग के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप करें कार्यकेंद्रीय गृह राज्यमंत्री मिश्रा ने कलक्ट्रेट सभागार में जिले के आला अधिकारियों के साथ नीति आयोग के आशान्वित जिला कार्यक्रम के संबंध में बैठक ली। योजनाओं की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा किए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें, ताकि राष्ट्र का विकास तेजी से हो सके। उन्होंने नीति आयोग के सूचकांकों के अनुरूप स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं, वित्तीय समावेशन व कौशल विकास संबंधी विषयों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में आ रही समस्याओं को दूर किया जाएगा। इस दौरान सांसद डॉ. राजोरिया ने कहा कि जिले में अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्रों की स्वीकृति के लिए प्रयास किए जाएंगे। बैठक में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि नीति आयोग के आशान्वित जिला कार्यक्रम में जिले भर में केपीआई इंडीकेटर्स के अनुसार कार्य किया। उसी के फलस्वरूप जिले ने सम्पूर्ण देश मे उच्च स्थान हासिल किया। जिला कलक्टर ने जिले में वर्तमान में केन्द्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षणकेंद्रीय गृह राज्यमंत्री मिश्रा ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से धौलपुर जिले में मेडिकल कॉलेज शुरू किया जा रहा है। जितने मेडिकल कॉलेज बनेंगे उतनी ही बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच आमजन के लिए सुलभ होगी। उन्होंने कहा किआयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आमजन को ग्राम स्तर तक स्वास्थ्य कल्याण के केंद्रों पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया हो रही है। इस दौरान जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त 50 बीघा भूमि आवंटित की गई है। इस दौरान विधायक शोभरानी कुशवाहा ने कहा कि धौलपुर जिले के लोगों को उच्च चिकित्सा संस्थानो में इलाज के लिए आगरा व ग्वालियर जाना पड़ता था। मेडिकल कॉलेज खुलने से यहां के लोगो को बेहतर इलाज के लिए अब जिले से बाहर नही जाना पड़ेगा। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह ने मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य से सम्बंधित जानकारी दी।