धौलपुर. बीच शहर में स्थित कचहरी परिसर में गुरुवार को दस्यु लुक्का के दो भाइयों ने पेशी पर आए एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली युवक के बजाय वहां मौजूद एक अन्य शख्स को लग गई। पैदल आए नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद हथियार लहराते हुए भाग गए। कचहरी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हडक़म्प मच गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी कनपटी पर गोली लगी है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गुरुवार को कचहरी परिसर में देवकापुरा मौरोली निवासी रामपाल पेशी पर आया था। दोपहर करीब 12:24 बजे वह कोर्ट परिसर में ही चाय की एक थड़ी पर बैठा था। तभी सफेद व लाल शर्ट पहने दो युवक वहां आए। दोनों ने साफी से चेहरा ढंक रखा था। रामपाल दोनों युवकों को पहचान गया और हड़बड़ा गया। दोनों युवकों ने पिस्टल और देसी कट्टा निकाल लिया और युवक पर तान दिया। इस बीच पिस्टल का फायर अटक गया। कट्टा ताने युवक फायर करता तब तक रामपाल ने वहां चाय की थड़ी पर बैठे सांदरा गांव निवासी कमलसिंह जाटव की ओट ले ली। कट्टे से निकला फायर कमलसिंह की कनपटी पर लगा। फायर करने के बाद दोनों हमलावर पैदल ही हथियार लहराते हुए भाग गए। फायरिंग की घटना से कचहरी परिसर में हडक़म्प मच गया। वकील व अन्य लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। घायल कमलसिंह को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
भूमि को लेकर है विवाद कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि रामपाल का दस्यु लुक्का उर्फ धर्मेन्द्र और उसके परिवार से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों के मध्य पूर्व में भी विवाद हो चुका है। लुक्का के जेल जाने के बाद से लुक्का का भाई इनामी बदमाश रवि उसे मारने की कोशिश कर रहा है। गुरुवार को रामपाल एक मामले में पेशी पर आया था। तभी लुक्का के दो भाई रवि और वीरेन्द्र उसे मारने कचहरी परिसर पहुंच गए।
भाई से मिलने आया था घायल फायरिंग में घायल हुए व्यक्ति कमल का भाई कचहरी में एक वकील के यहां मुंशी का काम करता है। गुरुवार को कमल अपने भाई से मिलने कचहरी आया था। इस बीच वह एक थड़ी पर चाय पीने चला गया। जहां उसे गोली गए गई।