जहां चिकित्सकों ने एक श्रमिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य श्रमिकों का इलाज जारी है। यहां राजाखेड़ा बाइपास स्थित बघेल कॉलोनी में नगर परिषद की ओर से सीवरेज लाइन डालने के लिए खुदाई का काम चल रहा है। दिल्ली की जीओमिलर कंपनी के पास इस काम का ठेका है। शनिवार दोपहर को यहां पोकलेन मशीन से खुदाई का काम चल रहा था। करीब 25 फीट गहरा गड्ढा खोदा जा चुका था। गड्ढे से निकली मिट्टी गड्ढे के किनारे ही पटकी जा रही थी।
फर्म में कार्यरत तीन श्रमिक मनियां के कलुआपुरा निवासी सुनील कुशवाहा (28), नेकपुर निवासी मातादीन कुशवाह (28) एवं खानुआ भरतपुर निवासी रामवीर (23) नीचे गड्ढे में काम कर रहे थे। दोपहर करीब दो बजे गड्ढे के किनारे जमा मिट्टी भरभरा कर गिर गई। इससे नीचे काम कर रहे तीनों मजदूर मिट्टी में दब गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला जा सका। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घटना के दौरान ठेकाफर्म के कर्मचारी भाग खड़े हुए। काम के दौरान वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
इनका कहना है
ठेका दिल्ली की जिओमिलर फर्म के पास है। दुर्घटना में एक श्रमिक की मौत हुई है। फर्म से बात की गई है। मृतक व घायलों को मुआवजा दिलाया जाएगा। फर्म की ओर से श्रमिकों का बीमा भी कराया गया था।
- लजपाल सिंह, आयुक्त, नगर परिषद धौलपुर