scriptगलत तरीके से खा रहे हैं आप ये फल—सब्जियां, जानिए तरीका जिससे मिलेगा पूरा फायदा | Correct way of eating fruits and vegetables in Hindi | Patrika News

गलत तरीके से खा रहे हैं आप ये फल—सब्जियां, जानिए तरीका जिससे मिलेगा पूरा फायदा

Published: Dec 08, 2017 03:44:49 pm

अगर कुछ चीजों को सही तरह से खाएंगें तो आपकी सेहत को काफी फायदा हो सकता है। तभी आपको पूरा फायदा मिलेगा।

Correct way of eating fruits

Correct way of eating fruits

पूरी दुनिया में लोग अपने खाने-पीने पर सबसे ज्यादा ध्यान देते हैं। लोग अच्छे से अच्छा भोजन करने की कोशिश करते हैं, पर इसके चक्कर में वे यह भूल जाते हैं कि वे गलत चीज तो नहीं खा रहे हैं। स्वाद में अच्छा लगना और पोषक होना, दो अलग-अलग बातें हैं। हमें इस बात पर सबसे ज्यादा गौर करना चाहिए कि हम जो चीज खा रहे हैं, वह पोषक है या नहीं।

आज अपने भोजन से जो पोषक तत्व प्राप्त करते हैं, वह कई कारकों पर निर्भर करता है। आप किस तरह से भोजन को पकाते हैं, कैसे तैयार करते हैं, क्या-क्या मिलाते हैं, किसके साथ खाते हैं, इस सब पर निर्भर करता है कि भोजन से कितना पोषण आपको मिलेगा। भोजन की अलग-अलग किस्में भी इसे प्रभावित करती हैं। सारे सूखे मेवे, सेब या आलू एक जैसे तरीके से तैयार नहीं किए जाते हैं। जानते हैं कि भोजन का सबसे अच्छा तरीका क्या होता है, ताकि हम उससे ज्यादा से ज्यादा पोषक तत्व प्राप्त कर सकें…

आलू
अगर आपको लगता है कि सफेद आलू से तैयार फ्रेंच फ्राइज, मैश्ड या बैक्ड आलू से आपको काफी फायदा होगा तो आप गलत हैं। एक अध्ययन से पता लगा है कि बैंगनी आलू से रक्तचाप को कम करने में मदद मिलती है और कैंसर का खतरा कम हो जाता है। बैंगनी आलू में सफेद आलू के मुकाबले ज्यादा पॉलीफेनोल होता है। इससे शरीर में ब्लड शुगर कम होती है।

सेब-नाशपाती
आपको सेब और नाशपाती को पूरी तरह से पकने देना चाहिए। इसके बाद ही आपको इनका सेवन करना चाहिए। एक अध्ययन से पता लगा है कि पकने की प्रक्रिया के दौरान सेब और नाशपाती में क्लोरोफिल टूटने लगते हैं। इससे फलों में अत्यधिक सक्रिय एंटीऑक्सीडेंट्स पैदा होते हैं। इन्हें पूरी तरह से पकने देने के लिए फ्रिज में रखने से बचें। वैसे भी ये दोनों फल बिना फ्रिज के आराम से बाहर रह सकते हैं।

लहसुन
लहसुन का इस्तेमाल करने में जल्दबाजी न करें। लहसुन छीलने के बाद उसे थोड़ी देर तक दबाकर छोड़ दें। शोध बताते हैं कि अगर आप लहसुन को कम से कम 10 मिनट दबाकर छोड़ देती हैं तो इसमें से एलिकिन नामक एंजाइम निकलता है। इससे कार्डियोवस्कुलर सिस्टम में प्लेटलेट्स कम चिपचिपे होकर या ज्यादा स्वतंत्र रूप से प्रवाह करने लगते हैं। इससे दिल की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

गाजर
सूप के प्रति लोगों का क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। अगली बार जब आप नूडल सूप तैयार करें तो इसमें गाजर काटकर डालने से बचें। एक अध्ययन से पता लगा है कि गाजर काटने से सतह के आकार में वृद्धि होती है और इससे पोषक तत्वों के बाहर जाने की आशंका बढ़ जाती है। इसका अर्थ है कि धोने और छीलने के बाद गाजर को अपने पूरे रूप में पानी में रखना चाहिए। गाजर को पकाने पर कैरोटिनॉयड की जैव उपलब्धता में इजाफा होता है। इसलिए इसे पका कर खाएं।

ब्रोकली
ब्रोकली शरीर के लिए सबसे अच्छे खाद्य पदार्थों में से एक है। यह ब्रैसिका फैमिली का हिस्सा है। यह फूड फैमिली स्तन कैंसर से लेकर त्वचा के कैंसर को रोकने में मदद करती है। एक अध्ययन बताता है कि पोषक तत्वों को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका स्टीमिंग है। बॉयलिंग और फ्राइंग को सबसे खराब तरीका माना गया। अगर आपको उबली हुई ब्रोकली पसंद नहीं है तो इसके साथ आप मसालेदार भोजन जोड़ सकते हैं। एक अन्य ध्ययन से पता लगा है कि अगर आप ब्रोकली में मसालेदार भोजन डाल देते हैं तो इससे कैंसर से लडऩे की क्षमता में इजाफा होता है।

सरसों
अगर आप अपनी सलाद, सॉस या सैंडविच को स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं तो सरसों जैसे शानदार मसाले का इस्तेमाल कर सकती हैं। सूजन की समस्या या कुछ कैंसर की बीमारियों से बचना चाहती हैं तो आपको अपने सरसों के विकल्पों को सरल बनाना होगा। पीली सरसों का विकल्प आपके लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित होता है क्योंकि इसमें क्यूरक्यूमिन नामक यौगिक होता है। यह हल्दी का भी सबसे सक्रिय घटक है। इससे आपके शरीर को काफी फायदा पहुंचता है।

चाय
यदि आप चाय से उच्च पोषक तत्व अवशोषित करना चाहती हैं तो इसे बनाने का तरीका बदल दें। कुछ अध्ययन साबित करते हैं कि अगर आप अपनी चाय में दूध मिलाती हैं तो चाय से होने वाले कार्डियोवस्कुलर लाभों में कमी आ जाती है। क्या आप ग्रीन टी पसंद करती हैं? यदि हां तो आप मीठे के रूप में थोड़ा-सा जूस मिला सकती हैं। जूस में मौजूद विटामिन सी ग्रीन टी के पोषक तत्वों की जैव उपलब्धता बढ़ाने में मदद करता है।

सलाद ड्रेसिंग
सैद्धांतिक रूप से फैट फ्री सलाद ड्रेसिंग एक अच्छा विचार प्रतीत होता है लेकिन फैट छोडऩे के चक्कर में आप कई चीजों को छोड़ देती हैं। कुछ अध्ययन साबित करते हैं कि जब आप हरी सलाद पर ड्रेसिंग करती हैं तो इससे मिलने वाला फैट आपको ज्यादा संतुष्ट बनाता है। इससे आपकी सलाद से ज्यादा पोषक तत्व जैसे ल्यूटिन, लाइकोपीन, बीटा कैरोटीन और जैक्सेथीन आपके शरीर को मिल पाते हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो