डिंडोरी

शीघ्र बनेगा चिरईपानी से मुख्यालय मेंहदवानी जोडऩे वाला मार्ग

चिरईपानी में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद मालुम हुआ कि मुख्यालय से कटा है गांव

डिंडोरीJun 03, 2020 / 10:03 pm

Rajkumar yadav

पत्रिका लोगो

मेंहदवानी। जनपद पंचायत मेंहदवानी के ग्राम पंचायत मनेरी के पोषक ग्राम चिरईपानी जो वन ग्राम भी है। इन दिनों कोरोना पॉजिटिव के 4 केस मिलने के बाद से सुर्खयों में है। वर्तमान में पूरा गांव सील है और सभी घरों के पूरे परिवार पर संभावित कोरोना संक्रमण की दृष्टि से नजरबंद हैं। सभी सदस्यों की जांच की जा रही है। हर घर को सैनिटाइज किया जा रहा है। शहपुरा के इस ग्राम चिरईपानी का दुर्भाग्य ये रहा है कि यह गांव जनपद पंचायत मेंहदवानी से जुड़ा हुआ है। ऐसा इसलिए है कि इस गांव के वाशिंदों को मुख्यालय मेंहदवानी आने के लिए 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इसका कारण मात्र 3 किमी की सड़क का नहीं बन पाना है जो ग्राम पंचायत मनेरी के ग्राम हथडोल को जोड़ता है। इस मार्ग के बन जाने से चिरईपानी के लोगों को ग्राम पंचायत मनेरी जाने के लिए शहपुरा होकर नहीं जाना पड़ेगा। परन्तु आज तक मार्ग नहीं बना। जिसके चलते आज अधिकारी कर्मचारियों को ऊबड़ खाबड़ रास्तों पर मजबूरी में चलना पड़ रहा है। अगर बारिश हो गई तो चिरईपानी पहुंचने के लिए शहपुरा करौंदी चंदवाही होते हुए जाना पड़ेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर वन विभाग का हस्तक्षेप रहता है इसलिए मार्ग निर्माण नहीं हो पाया है।
मार्ग निर्माण जल्द होगा, वन विभाग की अनुमति
अधिकारियों को गांव आने पर पहुंच मार्ग की स्थिति का पता चला। मंगलवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश पाण्डे, वन परिक्षेत्र अधिकारी बीके तिवारी के बीच मार्ग निर्माण को लेकर चर्चा के बाद सहमति बनी है। इस संबंध में एसडीएम शहपुरा को भी जानकारी दी गई है।
इनका कहना है –
मैं इस क्षेत्र के बारे में नया हूं। चिरईपानी गांव जाने के बाद पहुंच मार्ग की स्थिति को देखा है। बहुत जल्दी हथडोल से चिरईपानी का मार्ग बनाकर इस ग्राम के लोगों को मुख्यालय से जोड़ा जाएगा।
गणेश पाण्डे, सीईओ जनपद पंचायत मेंहदवानी
वन विभाग हथडोल से चिरईपानी वन मार्ग निर्माण में पूरा सहयोग करेगा। मार्ग निर्माण की अनुमति दी जाएगी।
बीके तिवारी, रेंजर वन परिक्षेत्र मेंहदवानी

Home / Dindori / शीघ्र बनेगा चिरईपानी से मुख्यालय मेंहदवानी जोडऩे वाला मार्ग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.