डिंडोरी

पूर्व जिलाध्यक्ष पर लगाया विश्वासघात का आरोप, कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा करेंगे खुलासा

जिला कांग्रेस कमेटी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू

डिंडोरीMay 29, 2023 / 12:08 pm

shubham singh

Accused of betrayal on former district president, Congress office bearers said they will disclose

डिंडोरी. जिला कांग्रेस कमेटी में हुए बदलाव के बाद विरोध व आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष पर उठाए गए सवाल को लेकर कांग्रेस कमेटी के दूसरे खेमे ने पूर्व जिलाध्यक्ष पर विश्वासघात व भाजपा के साथ मिलकर षडय़ंत्र रचने का आरोप लगाया है। वहीं पूर्व अध्यक्ष के बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उन्हे अनुशासनहीनता के लिए 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद से वीरेंद्र बिहारी शुक्ला को हटाकर अशोक पड़वार को नियुक्त किए जाने की घोषणा की थी। इसके बाद कांग्रेस में मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। जिलाध्यक्ष समर्थकों ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए सामूहिक इस्तीफा देने की बात कही थी। इसके बाद से आरोप प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है। इसके बाद रविवार को डिंडोरी विधायक व पूर्व केबिनेट मंत्री ओमकार मरकाम ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, युवा कांग्रेस अध्यक्ष, एनएसयूआई अध्यक्ष एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की नियुक्ति 6 वर्ष के लिए की थी। पदाधिकारी दु:ख सु:ख में आज तक किसी के घर नहीं गए। इनके पास जो आया उनका मान सम्मान नहीं रखा। जो कहना था मुझे कहते इसके पहले भी मेरे खिलाफ बयानबाजी की गई थी। मैने कुछ नहीं कहा लेकिन हमारे नेता कमलनाथ के खिलाफ कुछ भी कहेंगे उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहपुरा विधायक भूपेंद्र मरावी ने कहा कि जन जन के नेता कमलनाथ के ऊपर पूर्व जिलाध्यक्ष ने जो आरोप लगाए हैं वह निराधार है, इसकी घोर निन्दा करता हूं। हमारे नेता पर उंगली उठाई है यह पीठ में छुरा घोपने जैसा है। समय रहते सबको पता चल गया वरना कांग्रेस के लिए घातक होता ऐसे लोगों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। जिले के प्रभारी कादिर सोनी ने कहा कि कांग्रेस ने मान सम्मान दिया पर आपके बयान से प्रतीत होता है कि आप पार्टी के प्रति वफादार नहीं रहे हैं। अगर आप सही होते तो हमसे अपनी बात रख सकते थे हो सकता है आपको प्रदेश अध्यक्ष कोई और जिम्मेदारी सौंपते। जिला कांग्रेस के सह प्रभारी झल्लेलाल जैन ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा के साथ मिलकर षणयंत्र कर खेल खेल रहे हैं। समय आने पर इसका खुलासा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस कमेटी डिंडोरी के ब्लाक अध्यक्ष जावेद इकबाल, बजाग के लोकेश पटेरिया, मेंहदवानी के दुर्गा साहू, अमरपुर से महेंद्र ठाकुर, शहपुरा से संजय राय, गाड़ासरई से रमाकांत साहू, करंजिया से अयोध्या बिसेन, समनापुर से संतोष मरकाम एवं विक्रमपुर से अमित गुप्ता, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोषी साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीतू ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रेखा आर्मो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Home / Dindori / पूर्व जिलाध्यक्ष पर लगाया विश्वासघात का आरोप, कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा करेंगे खुलासा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.