scriptसंस्कृति ही आदिवासी समाज की शक्ति: मुख्यमंत्री | Culture is the power of tribal society: Chief Minister | Patrika News

संस्कृति ही आदिवासी समाज की शक्ति: मुख्यमंत्री

locationडिंडोरीPublished: Feb 25, 2020 03:57:19 pm

Submitted by:

Rajkumar yadav

आदिवासी मुंह चलाना सीखे और अपनी आवाज उठाएंमुख्यमंत्री ने 35 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

Culture is the power of tribal society: Chief Minister

Culture is the power of tribal society: Chief Minister

डिंडोरी. संस्कृति ही आदिवासी समाज की शक्ति है। आदिवासियों की संस्कृति महान है और आदिवासियों का गौरवशाली इतिहास है। आदिवासियों की इस संस्कृति को नई पीढी तक पहुंचाने के प्रयास होने चाहिए। आदिवासी समाज के लोग निरंतर आगे बढ रहे हैं किन्तु आदिवासियों को मुंह चलाना सीखकर अपनी आवाज उठानी होगी। माता शबरी मानवता और श्रद्धा की प्रतीक थी। हम सब मिलकर उनकी जयंती के अवसर पर आदिवासी संस्कृति, सभ्यता और इतिहास को नई पीढी तक पहुंचायेंगे और उन्हें आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उक्त बातें मुख्यमंत्री कमलनाथ डिंडोरी जिला मुख्यालय में भक्त शिरोमणि माता शबरी की जयंती समारोह एवं विशाल आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भक्त शिरोमणि माता शबरी की मूर्ति पर दीप प्रज्जवलित और माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले अनेक वर्षों में डिंडोरी और मण्डला आदिवासी बाहुल्य जिलों के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि डिंडोरी और मण्डला क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी जायेगी। इस क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराए जायेंगे। प्रदेश में हमारी सरकार आने से पहले किसानों के हालात ठीक नहीं थे। बेरोजगारी में प्रदेश पहले नम्बर पर था, खजाना खाली था, कई प्रकार की चुनौतियां थी इसके बावजूद किसानों का कर्ज माफ किया गया है। आज तक लगभग 22 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है। मध्यप्रदेश आगे बढेगा तो मण्डला और डिंडोरी भी आगे बढेंगे। नई सोच के साथ आगे बढने की आवश्यकता है, कृषि क्षेत्र को और अधिक आधुनिक और सुदृढ बनाने की आवश्यकता है। नौजवान इंटरनेट से जुडा है और उसका नजरिया भी अलग है, वह स्वरोजगार चाहता है। नौजवानों का भविष्य प्रदेश में उद्योग लगने से संवरेगा, मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। विगत 14 महीने में उनकी सरकार ने अपनी नियत और नीति स्पष्ट कर दी है। आदिवासी बाहुल्य डिंडोरी और मण्डला जिलों में विकास का नया इतिहास बनायेंगे। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोडेंगे। बंद हो चुकी पुरानी अच्छी योजनाओं का प्रभावी और परिणाम मूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जायेगा। इससे इस क्षेत्र में विकास का परिदृष्य बदलेगा। डिंडोरी और मण्डला जिले से उनका पुराना नाता रहा है और इस क्षेत्र से उन्हें विशेष स्नेह है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे।
सहजता और सरलता आदिवासी की दौलत
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के आदिमजाति कल्याण मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि आदिवासियों की ईमानदारी, सहजता और सरलता उनकी दौलत है। उन्हें तब खुशी होगी जब आदिवासियों के तन में कपडे हों, पैर में चप्पलें हो और सभी आदिवासियों के घर हों। प्रदेश सरकार ने आदिवासियों के हित के लिए अपना खजाना खोल दिया है। आदिवासियों को कोई लूटे नहीं, इसके लिए प्रदेश सरकार ने कड़े नियम बनाये हैं। मण्डला, डिंडोरी क्षेत्र में कोदो और कुटकी की फसलें किसानों द्वारा लगाई जा रही हैं। किन्तु कोदो कुटकी का उपार्जन नहीं होने से व्यापारी आदिवासी किसानों से मनमाने कीमत पर कोदो कुटकी की खरीदी करते हैं। जिससे आदिवासी किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है। आदिम जाति कल्याण मंत्री ने कहा कि धान और गेंहू के फसलों के समान ही कोदो कुटकी की फसल का भी उपार्जन किया जाए।
घरों और खेतों तक पहुंचाएंगे पानी
समारोह को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री तरूण भनोत ने कहा कि आदिवासियों को बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बरगी डेम के उपरी क्षेत्र में बांध बनाकर लोगों के घरों और खेतों तक पानी पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। जिसका क्रियान्वयन नहीं किया गया। लगभग 10 हजार करोड की इस योजना को पुन: प्रारंभ करने के प्रयास किये जा रहे है। इस योजना से मण्डला और डिंडोरी जिले के लोगों को सीधा लाभ होगा। लोगों के घरों और खेतों तक पानी पहुंचाया जायेगा।
आदिवासियों के कल्याण के लिए प्रयास
प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं पिछडा वर्ग कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने वचन के मुताबिक आगे बढ रही हैै। सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही कर रही है। मिलावट खोरों के विरूद्ध कार्यवाही का शंखनाद हुआ है। विगत वर्षांे में महाकौशल क्षेत्र का विकास अवरूद्ध हुआ था। अब हमारी सरकार महाकौशल क्षेत्र का तेजी से विकास करेगी। सरकार आदिवासियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम सरकार का अभिनव कार्यक्रम है। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। समारोह को शहपुरा विधायक भूपेन्द्र मरावी ने भी संबोधित किया।
कार्यों का लोकार्पण
प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लगभग 35 करोड 15 लाख 19 हजार रूपए के कार्यांे का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। समारोह में विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक फुंदेलाल मार्को, विधायक सुनील सराफ, पूर्व मंत्री कौशल्या गोंटिया, पूर्व विधायक नन्हें सिंह ठाकुर, कमिश्नर जबलपुर आर के मिश्रा, एडीजी शहडोल जी. जनार्दन, कलेक्टर बी कार्तिकेयन, पुलिस अधीक्षक एम एल सोलंकी, वीरेन्द्र बिहारी शुक्ला, मुकेश तिवारी, दिनेश बर्मन, माखनलाल सरैया, मो. जावेद इकवाल, रमाकांत साहू, राधेलाल नागवंशी, भूपत कांसिया सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो