scriptभाजयुमो जिला अध्यक्ष का सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया विरोध | Hundreds of BJP workers protest president | Patrika News

भाजयुमो जिला अध्यक्ष का सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

locationडिंडोरीPublished: Mar 14, 2019 01:32:37 pm

Submitted by:

amaresh singh

भाजपा के अनुशासन की खुली कलई

Hundreds of BJP workers protest president

भाजयुमो जिला अध्यक्ष का सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

डिंडोरी। अनुशासन का दंभ भरने वाली भाजपा की कलह अब खुलकर सामने आने लगी है और यहां होने वाले फैसलों को लेकर कार्यकर्ता खुलकर अपना विरोध दर्ज कराने लगे हैं। ऐसा ही कुछ बुधवार को भाजपा कार्यालय में देखने को मिला। जहां सैकडों की संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पहुंचे और भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में नई नियुक्ति का खुलकर विरोध किया। यहां युवा मोर्चा के प्रदेश, जिला और मण्डल स्तर के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा प्रदेश नेतृत्व के नाम प्रेषित किया है साथ ही कहा कि यदि आगामी दो दिनों में इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया जाता है तो वह प्रदेश कार्यालय पहुंच धरना देंगे। प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रदेश ने यहां युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री की घोषणा की गई है। ऐसे व्यक्ति को जिले की कमान सौंपी गई है जो अनुभवहीन, क्षमताहीन और पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। जिसके नेतृत्व में डिंडोरी जिले के युवा कार्य नहीं कर सकते हैं।
ऐसी स्थिति में पदाधिकारियों ने अपने सभी दायित्वों से इस्तीफा सौंप दिया है। इस्तीफा सौंपने वालों में प्रदेश संयोजक अवधराज बिलैया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्कंध चौकसे, अविनाश छावडा, राजकुमार मोंगरे, जिला उपाध्यक्ष आशीष सोनी, राजेश कुशराम, जिला मंत्री राहुल जैन, निशांत, सुशील साहू, राजेश्वर साहू, अन्य पदाधिकारी कान्हा प्रश्नानी, कामता ठाकुर, रितुराज टांडिया सहित सैकडों की संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हैं। गौरतलब है कि भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश संगठन ने जिले में अध्यक्ष के रूप में अनीश शर्मा और महामंत्री की नियुक्ति की है। जिसके बाद से कार्यकर्ताओं में रोष दिखाई दे रहा है। हालांकि विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा संगठन में बदलाव की बयार दिखाई देने लगी थी। भाजपा के गिरते जनाधार पर युवा मोर्चा की सक्रियता भी खास दिखाई नहीं दी थी। अब जबकि भाजपा में बदलाव आने लगा है तब कार्यकर्ताओं का इस्तीफा समझ से परे है। कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव के पूर्व दबाव की रणनीति के तहत इन इस्तीफों को देखा जा रहा है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के इस्तीफे पर प्रदेश संगठन क्या निर्णय लेता है यह देखने वाली बात होगी क्योंकि विधानसभा के परिणाम के बाद आखिर कार्यकर्ता किस आधार पर प्रदेश संगठन पर दबाव डाल रहे हैं।

इनका कहना है
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुझे इस्तीफा दिया है जिसे प्रदेश संगठन को भेजा गया है। कार्यकर्ताओं को समझाइश भी दी गई है कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के कार्य के लिये जुटें, यह पार्टी का अंदरूनी विषय है। सभी कार्यकर्ता भाजपा के लिये कार्य करेंगे। जो भी नाराजगी है उसे दूर कर लिया जायेगा।
पंकज तेकाम, जिला प्रभारी, युवा मोर्चा डिंडोरी

मुझे किसी तरह के इस्तीफे की कोई जानकारी नहीं है। युवामोर्चा प्रदेश संगठन ने जरूर जिले में अध्यक्ष की नियुक्ति की है हो सकता है कि कुछ कार्यकर्ता इससे नाराज हों। यह संगठन का अंदरूनी विषय है, इस संबंध में कार्यकर्ताओं से चर्चा करूंगा और सभी के साथ संवाद कर समन्वय बनाया जायेगा।
संजय साहू, जिला अध्यक्ष, भाजपा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो