चंडीगढ़ –
चंडीगढ़ में चीन से लौटे एक 28 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज के रूप में पीजीआई में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पीजीआई के निदेशक जगत राम ने मीडिया से कहा कि मरीज को आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में रखा गया है। उसके नमूने को पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी को भेजा गया है। जगत राम ने कहा कि वह एक मात्र संदिग्ध मामला है और दो-तीन दिनों में रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी पुष्टि हो सकेगी। मरीज को पीजीआई में तेज बुखार और सिर दर्द के साथ भर्ती कराया गया था।
मध्य प्रदेश –
कोरोना वायरस ने मध्यप्रदेश में भी दस्तक दे दी है। कोरोना वायरस (Corona Virus) के दो संदिग्ध मरीज मध्य प्रदेश के उज्जैन में सामने आए हैं। दोनों मरीज दो हफ्ते पहले चीन (China) के वुहान (Vuhan) शहर से लौटे हैं। दोनों मरीज को उज्जैन के अस्पातल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार भर्ती कराए गए दोनों मरीज अभी कुछ दिनों पहले ही चीन से लौटे हैं। पीड़ित माँ बेटे को सर्दी-ज़ुकाम था। जिसका इलाज करवाने वे डॉक्टर के पास गए। इलाज कर रहे डॉक्टर को जब युवक के चीन से लौटने की जानकारी लगी तो उन्होंने वायरस की चपेट में होने की आशंका में उसे विशेष स्वाइन फ्लू (Swine Flu) वार्ड में भर्ती करवाया। संदिग्ध युवक चीन के वुहान शहर में पढ़ाई कर रहा है। 13 जनवरी को वह उज्जैन लौटा तभी से उसको सर्दी-ज़ुकाम है। डॉक्टरों को संदेह है कि कहीं बेटे के संक्रमण के चलते माँ भी तो कहीं इसके चपेट में नहीं आ गई।
बिहार –
चीन से वापस बिहार के छपरा अपने घर लौटी एक छात्रा में कोरोना वायरस की आशंका के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, उसके रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। सारण के सिविल सर्जन माधवेश्वर झा ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि नगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती चीन में पढ़ाई करती है। वह 23 जनवरी को यहां आई थी। युवती की तबियत खराब होने के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि आशंका है कि छात्रा चीन में कोरोना वायरस की चपेट में आई है। झा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद पीड़ित युवती को पीएमसीएच भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि छपरा से आई बीमार छात्रा को एहतियातन निगरानी में रखा गया है और उसमें किसी तरह की किसी दिक्कत वाली बात नहीं दिखाई दे रही है। इस बीच पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. विनय कारक ने बताया कि ”बीमार छात्रा को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। उसकी बीमारी के लक्षण को देखते हुए उसके लिए विशेष कक्ष का इंतजाम किया गया है। उसके अस्पताल में आने के बाद उसके रक्त के नमूने लेकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलजी, पुणे भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद उसका इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ”पीएमसीएच के चिकित्सकों की एक टीम बनाई गई है और इस तरह से किसी भी बीमारी की आंशका को देखते हुए हम पूरी तरह तैयार हैं,
राजस्थान –
चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई कर लौटे एक डॉक्टर को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती कराए गए इस डॉक्टर को एक अलग वॉर्ड में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन को डॉक्टर के परिवार के पूरे सदस्यों की जांच करने का आदेश दिए गए हैं। डॉक्टर का ब्लड सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलजी की लैब में जांच के लिए भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान राज्य के 4 जिलों में 18 व्यक्ति चीन की यात्रा से लौटे हैं। संबंधित चारों जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारियों को इन सभी को 28 दिनों तक लगातार निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम बंगाल (कोलकाता)
कोरोना वायरस का एक मामला कोलकाता में भी सामने आया है। महानगर के बेलियाघाटा आइडी अस्पताल में चीनी युवती को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में भर्ती कराया गया है। पीड़ित युवती का नाम ह्यूया मिन (28) है। राज्य स्वास्थ विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचा हालात का जायजा लिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, तेज बुखार और कोरोना वायरस जैसे लक्षण दिखने की स्थिति में चीनी युवती को भर्ती कराया गया। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।फिलहाल प्रारंभिक जांच में अभी तक युवती के शरीर में कोरोना वायरस नहीं मिला है। पीड़िता कोरोना वायरस की चपेट में है या नहीं सुनिश्चित करने के लिए और कुछ जांच करनी बाकी है। युवती कुछ महीने पूर्व चीन से अन्य देशों के भ्रमण पर निकली ह्यूया मॉरीशस होते हुए भारत पहुंची थी। इस दौरान वह गत 24 जनवरी से कोलकाता में थी।
महाराष्ट्र (मुंबई) –
महाराष्ट्र के पुणे में भी कोरोना वायरस से पीड़ित संदिग्ध मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये युवक हाल ही में चीन से लौटकर भारत आया है। महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर अबतक कुल छह मरीजों को कोरोना वायरस जैसे लक्षण दिखने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार लोगों को मुंबई और दो लोगों को पुणे के अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इन की जांच चल रही है।
दिल्ली –
दिल्ली में भी कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में तीन मरीजों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। ये सभी मरीज पुरुष हैं और इन खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने बताया है कि अभी तक भारत में किसी भी मरीज को कोरोना वायरस से पॉजिटिव नहीं पाया गया है।
छतीसगढ़ –
छतीसगढ़ में भी कोरोना वायरस का एक संदिग्ध मरीज मिला है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इससे चिंता करने की कोई आवश्यकता नही है सिर्फ मरीज को निगरानी में रखा गया है। पीड़ित महिला को अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। भारत में केंद्र सरकार की ओर से इस जानलेवा बीमारी को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी जिलों में चिकित्सकों को बीमारी के प्रति अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार से संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर उसे तत्काल निगरानी में लेकर समूचित इलाज किए जाने के निर्देश दिए हैं।
केरला –
केरल में लगभग 430 से अधिक लोगों को उनके घरों पर ही निगरानी में रखा जा रहा है। माना जा रहा है ये कोरोना वायरस से ग्रसित हो सकते हैं। हेल्थ मिनिस्टर के सलाहकार डॉ. शौकत अली ने बताया कि विभिन्न शहरों में सात लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इनमें से छह की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि एक की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।