आंखों का रंग पीला होने लगे और थकान महसूस होने के साथ पाचनतंत्र खराब रहने लगे, तो सतर्क होने की जरूरत है। आंखें व त्वचा तभी पीली होती हैं, जब शरीर में बिलुरुबिन (पीला पदार्थ) की मात्रा बढ़ जाती है। बिलुरुबिन लिवर में जाता तो है, लेकिन मात्रा अधिक होने से न तो पच पाता है और न ही सही मात्रा में शरीर से निकल पाता है। इससे लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचने के साथ इस अंग के पाइप, बाइल डक्ट आदि में भी संक्रमण होता है, जिससे कैंसर व मल्टी ऑर्गन फेल्योर का खतरा बढ़ जाता है। लाल रुधिर कणिकाओं (आरबीसी) के टूटने से भी बिलुरुबिन लेवल बढ़ता है। पीलिया की शिकायत होने पर झाड़-फूंक में समय बर्बाद न करें। इलाज में देरी रोगी की जान को खतरे में डाल सकती है। दरअसल, पीलिया सीधे लिवर को प्रभावित करता है।