scriptभाजपा के खिलाफ महागठबंधन के लिए हेमंत अधिकृत-शिबू सोरेन | hemant soren will decide policy against bjp in jhamumo | Patrika News

भाजपा के खिलाफ महागठबंधन के लिए हेमंत अधिकृत-शिबू सोरेन

locationदुमकाPublished: Oct 27, 2018 02:38:43 pm

Submitted by:

Prateek

भाजपा नीत राज्य की रघुवर दास सरकार के कार्यों पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यों से आम जनता खुश नहीं है…

शिबू सोरेन

शिबू सोरेन

(दुमका): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने कहा है कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मजबूत महागठबंधन तैयार करने के मसले पर गैर भाजपा विपक्षी दलों से बातचीत के लिए पार्टी ने कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अधिकृत किया है।


शिबू सोरेन ने अपने संसदीय क्षेत्र दुमका दौरे के क्रम में शुक्रवार को मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत के क्रम में कहा कि भाजपा के खिलाफ राज्य में मजबूत गठबंधन तैयार करने के लिए पार्टी द्वारा कार्यवाहक अध्यक्ष और विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन को अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन इस मसले पर विपक्षी दलों से बातचीत कर पार्टी की केन्द्रीय कमेटी के समक्ष रखेंगे। इसके बाद कोई निर्णय लिया जायेगा।

 

खरी नहीं उतर पाई भाजपा सरकार

उन्होंने भाजपा नीत राज्य की रघुवर दास सरकार के कार्यों पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यों से आम जनता खुश नहीं है। सरकार की नीति और कार्यों से आमलोगों की परेशानी बढ़ गई है। सरकार जनकांक्षाओं को साकार करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।


निर्वाचन सीट को लेकर लगाई जा रही अटकलों को किया खारिज


उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में केन्द्र और राज्य से भाजपा को उखाड़ फेंकाने के लिए पार्टी द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी की पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने स्वयं के लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर स्पष्ट किया कि दुमका उनकी कर्मभूमि रही है। उन्होंने दुमका छोड़ कर अन्य क्षे़त्रों से चुनाव लड़ने की अटकलों को सिरे से खारिज किया।


घबराए हुए है भाजपा नेता

इस मौके पर मौजूद पार्टी के केन्द्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह ने भाजपा के सांसद निशिकांत दूबे द्वारा महागठबंधन के मसले पर झामुमो के संबंध में हाल में दिये गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ झारखंड सहित समूचे देश में बन रहे माहौल से भाजपा के नेता घबरा गए हैं और सरकार के खिलाफ बनने वाले महागठबंधन के मसले पर लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन समस्याओं से त्रस्त जनता को भटकाने का भाजपा का प्रयास कभी सफल नहीं होगा।


उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य की गरीब आदिवासी,दलित,पिछड़ा और मूलवासियों के हक और अधिकार के साथ जल,जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है। जबकि भाजपा नीत सरकार ने पिछले चार साल के दौरान जनता की आकांक्षाओं के विपरीत यहां के जंगल को उजाड़ने और जमीन को लूटने का कार्य किया है।

 

विधानसभा चुनाव तय करेगा देश की दिशा और दशा

उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा के चुनाव में भाजपा को विपक्ष की चुनौतियों को समाना करना पड़ रहा है। पांच राज्यां के विधानसभा चुनाव का परिणाम देश की दिशा और दशा तय करेगा। बाद में शिबू सोरेन अपने दुमका संसदीय क्षेत्र के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के भूलकांदर व भालपहाड़ी रामपुर तथा जामा विधानसभा क्षेत्र के सिमरा पंचायत के कुरूमटांड़ गांव में आयोजित विभिन्न खेल कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस मौके पर झामुमो के केन्द्रीय कमेटी के महासचिव के साथ जिलाध्यक्ष सुभाश सिंह,जिला सचिव शिव कुमार बास्की सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो