scriptमछली पकडऩे गए युवक के हाथ में फटा विस्फोटक, दोनों हथेलियों पर आई गंभीर चोटें | a young man Explosive burst in hands at Dungarpur | Patrika News

मछली पकडऩे गए युवक के हाथ में फटा विस्फोटक, दोनों हथेलियों पर आई गंभीर चोटें

locationडूंगरपुरPublished: Oct 21, 2019 05:26:20 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

एनिकट में विस्फोट कर मछली पकडऩे का प्रयास करना युवक को बहुत भारी पड़ गया। विस्फोटक हाथ में ही फट गया।

Dungarpur
डूंगरपुर। शहर से सटे इंद्रखेत गांव में सोमवार को एनिकट में विस्फोट कर मछली पकडऩे का प्रयास करना युवक को बहुत भारी पड़ गया। विस्फोटक हाथ में ही फट गया। इससे उसकी दोनों हथेलियों पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार इन्द्रखेत निवासी भैरूलाल पुत्र रूपश्री वगात अपने साथियों के साथ सोमवार को गांव के एनिकट में मछली पकडऩे के लिए गया था। मछली पकडऩे के लिए वे लोग विस्फोटक का इस्तेमाल कर रहे थे। तभी अचानक विस्फोटक भैरूलाल के हाथ में फट गया और वह एनिकट में जा गिरा। साथियों ने उसे बाहर निकाला तथा वहीं छोड़ कर भाग गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां भैरूलाल दर्द से कराह रहा था, उसके दोनों हाथों की हथेलियों के चिथड़े निकले हुए थे। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी ताराचन्द्र भोई व पायलट जगपालसिंह मौके पर पहुंचे। घायल को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती करवाया।
बिना हाथ कैसे करेगा अब मजदूरी
भैरूलाल के चार बच्चे हैं। वह पहले खेती बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। बाद में जमीन बेचकर गुजरात मजदूरी के लिए गया। मजदूरी करने के ही परिवार पाल रहा था। कुछ दिन पहले ही वह घर आया था। इस बीच सोमवार को हुए इस हादसे से उसके दोनों हाथ छीन लिए। ऐसे में अब उसके सामने परिवार का पेट पालने का संकट खड़ा हो गया है।
आसानी से मिल जाता है अवैध विस्फोटक
घटना ने जिले में अवैध रूप से विस्फोटक मिलने की भी पुष्टि कर दी है। जिले में कई स्थलों पर वैध-अवैध खनन के लिए भी विस्फोटकों का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। हाल ही सदर पुलिस ने विस्फोटकों की एक खेप भी पकड़ी थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो