script

पानी पर दुर्ग निगम की राजनीति गरमाई, भाजपाइयों ने घेरा कार्यालय, मटके फोड़कर किया विधायक-महापौर के खिलाफ नारेबाजी

locationदुर्गPublished: Feb 25, 2021 04:19:24 pm

Submitted by:

Dakshi Sahu

फिल्टर प्लांट में मेंटेनेंस में देरी और घोषणा अनुसार समय पर पानी सप्लाई बहाल नहीं हो पाने से नाराज विपक्षी दल भाजपा के पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव किया।

पानी पर दुर्ग निगम की राजनीति गरमाई, भाजपाइयों ने घेरा कार्यालय, मटके फोड़कर किया विधायक-महापौर के खिलाफ नारेबाजी

पानी पर दुर्ग निगम की राजनीति गरमाई, भाजपाइयों ने घेरा कार्यालय, मटके फोड़कर किया विधायक-महापौर के खिलाफ नारेबाजी

दुर्ग. शहर में पेयजल सप्लाई को लेकर नगर निगम का राजनैतिक माहौल फिर गर्म हो गया। फिल्टर प्लांट में मेंटेनेंस में देरी और घोषणा अनुसार समय पर पानी सप्लाई बहाल नहीं हो पाने से नाराज विपक्षी दल भाजपा के पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का बुधवार को घेराव किया। इस दौरान विरोध स्वरूप महापौर कक्ष के सामने खाली मटके फोड़े गए और विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल के खिलाफ नारेबाजी की गई। इधर सत्तापक्ष कांग्रेस ने भाजपा के प्रदर्शन को राजनैतिक ड्रामा करार देते हुए प्रदर्शन से पहले ही 14 वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू कर देने का दावा किया है।
चल रहा फिल्टर प्लांट में रेनोवेशन का काम
नगर निगम के 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट में रेनोवेशन का काम चल रहा है। इसी के तहत चार सप्लाई वाल्व बदलने का काम 22 फरवरी से शुरू किया गया है। सोमवार की सुबह पानी सप्लाई के बाद शट डाउन लिया गया। निगम प्रशासन द्वारा 23 फरवरी की सुबह तक वाल्व बदलने का काम पूरा कर शाम तक टंकियों को भरकर पानी सप्लाई शुरू कर देने का दावा किया गया था, लेकिन मंगलवार की शाम तक भी वाल्व नहीं बदलने का काम नहीं हो पाया। इसके कारण मंगलवार की शाम के साथ बुधवार की सुबह की पाली में भी पूरे शहर में पानी सप्लाई संभव नहीं हो पाया। इससे शहर के अधिकतर वार्डों में पानी के लिए भटकन की स्थिति निर्मित हो गई। भाजपा के पार्षद समय पर मेंटेनेंस का काम पूरा नहीं होने और घोषणा अनुसार तय समय पर पानी सप्लाई शुरू नहीं होने से नाराज थे।
विधायक निवास की जगह निगम का घेराव
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पानी सप्लाई नहीं होने को लेकर बुधवार को विधायक अरुण वोरा के घर का घेराव करने का ऐलान किया था, लेकिन विधायक के रायपुर में होने के कारण ऐन मौके पर बदलाव करते हुए निगम कार्यालय का घेराव किया। हालांकि इस दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल भी कार्यालय में नहीं थे। भाजपा पार्षद दल के प्रमुख अजय वर्मा और भाजयुमो के जिला अध्यक्ष दिनेश देवांगन के नेतृत्व में करीब आधा सैकड़ा भाजपाई मोर्चा के साथ निगम कार्यालय पहुंचे, लेकिन यहां पहले से तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें गेट पर रोक दिया। इस पर भाजपाई बिफर गए और गेट पर चढ़कर नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में प्रदर्शनकारियों को प्रवेश की अनुमति दे दी गई।
महापौर को बताया रबर स्टाम्प, विधायक को जिम्मेदार
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने महापौर धीरज बाकलीवाल को डमी बताया और कहा कि उनका रिमोट कंट्रोल विधायक अरुण वोरा के हाथ में है। विधायक के निगम के कार्य में हस्तक्षेप के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने निगम प्रशासन के समक्ष पेयजल सप्लाई सामान्य करने के लिए शाम तक का मोहलत भी रखा। भाजपा नेताओं ने कहा कि बुधवार की शाम तक सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो गुरूवार को उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में भाजपा पार्षदों के साथ कार्यकर्ता व निर्दलीय पार्षद भी शामिल हुए।
निगम का दावा, 14 वार्डों में सप्लाई
इधर निगम प्रशासन ने विपक्ष के पूरे शहर को पानी नहीं मिलने के दावे को निराधार करार दिया है। निगम प्रशासन के मुताबिक सुबह शक्तिनगर, पोलसाय पारा, दीपक नगर, आमदी मंदिर वार्ड, तितुरडीह में पानी सप्लाई किया गया। वहीं दोपहर 12 बजे 14 वार्डों में पानी सप्लाई शुरू किया गया। जिनमें मरारपारा, बैगापारा, गायत्री मंदिर वार्ड, पचरीपारा, अस्पताल वार्ड, तमेरपारा, लंगूरवीर मंदिर वार्डे, ब्राह्मण पारा, चंडी मंदिर, शिवपारा, रामदेव मंदिर वार्ड, गंजपारा वार्ड, आजाद वार्ड शामिल है। शेष वार्डों में शाम को पानी सप्लाई का दावा किया गया है।
जानिए किसने क्या कहा
अजय वर्मा नेता प्रतिपक्षने कहा कि शहर सरकार जनता को पानी जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है। विधायक के हस्तक्षेप और महापौर की अनुभवहीनता का आलम यह है कि समय पर वाल्व बदलने का काम भी नहीं हो पाया। इसके चलते लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। धीरज बाकलीवाल महापौर दुर्ग ने कहा कि जनता को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसे लेकर हम पूरी तरह गंभीर है। वाल्व बदलने के साथ पानी सप्लाई का काम शुरू कर दिया गया है। विरोधी बेवजह इसे मुद्दा बनाकर राजनीति की कोशिश कर रहे हैं। इंद्रजीत बर्मन कमिश्नर नगर पालिक निगम दुर्ग ने कहा कि फिल्टर प्लांट का रेनोवेशन किया जा रहा है। इसके तहत वाल्व बदलने का कार्य आवश्यक था। यह कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही पानी सप्लाई का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया।

ट्रेंडिंग वीडियो