दुर्ग

जिपं में कांग्रेस की सरकार तय, ओबीसी महिला के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए शालिनी-योगिता दावेदार

त्रिस्तरीय पंचायतों के सर्वोच्च सदन जिला पंचायत में कांग्रेस की सरकार लगभग तय हो गई है। ओबीसी महिला आरक्षित अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ओर शालिनी रिवेंद्र यादव और योगिता चंद्राकर दावेदार बताए जा रहे हैं। ओबीसी वर्ग की कांग्रेस की पुष्पा यादव भी जीतकर सदन में पहुंची हैं।

दुर्गFeb 04, 2020 / 09:26 pm

Hemant Kapoor

12 सदस्यीय जिला पंचायत में 7 सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

दुर्ग. त्रिस्तरीय पंचायतों के सर्वोच्च सदन जिला पंचायत में कांग्रेस की सरकार लगभग तय हो गई है। 12 सदस्यीय जिला पंचायत में 7 सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं 5 सीट भाजपा के खाते में गया। आगे सब कुछ ठीक रहा और क्रास वोटिंग अथवा पाला बदल की स्थिति नहीं बनीं तो जिला पंचायत में कांग्रेस का अध्यक्ष बनना तय है। ओबीसी महिला आरक्षित अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ओर शालिनी रिवेंद्र यादव और योगिता चंद्राकर दावेदार बताए जा रहे हैं। ओबीसी वर्ग की कांग्रेस की पुष्पा यादव भी जीतकर सदन में पहुंची हैं।

दुर्ग की बढ़त रहा निर्णायक
जिले में तीन चरण में 4-4 जिला पंचायत क्षेत्र के चुनाव कराए गए। इसमें कांग्रेस ने पहले चरण के 4 सीटों में 3-1 की बढ़त बनाई। वहीं दूसरे व तीसरे चरण में पाटन व धमधा में 4-4 सीट के लिए कराए गए चुनाव में मुकाबला बराबर 2-2 का रहा। इस तरह पहले चरण की बढ़त निर्णायक रहा।

महिलाओं का होगा वर्चस्व
जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के साथ सदन में इस बार महिलाओं का वर्चस्व रहेगा। 12 सदस्यीय जिला पंचायत में 7 महिलाएं जीतकर आईं हैं। कांग्रेस की योगिता चंद्राकर और भाजपा की हर्षा चंद्राकर अनारक्षित सीट पर जीत दर्ज कर सदन में पहुंची हैं। शेष 5 महिला सदस्य आरक्षित सीटों से जीतकर सदन में पहुंची है।

ये हैं अध्यक्ष पद के दावेदार

0 शालिनी रिवेंद्र यादव – बोरई की सरपंच रह चुकी हैं। कांग्रेस के नेता व दुर्ग सरपंच संघ के अध्यक्ष रिवेंद्र यादव की पत्नी हैं। रिवेंद्र यादव मंत्री ताम्रध्वज के बेहद करीबी माने जाते हैं। ऐसे में उनकी पत्नी शालिनी की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है।
0 योगिता चंद्राकर – दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्राम पंचायत रिसामा की निवर्तमान सरपंच। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण व जागरूकता के लिए विशिष्ट कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों दिल्ली में सम्मानित हो चुकी हैं।
0 पुष्पा यादव – पहली बार निर्वाचित होकर जिला पंचायत पहुंची हैं। अध्यक्ष पद को लेकर शालिनी रिवेंद्र यादव व योगिता चंद्राकर के नाम पर सहमति को लेकर गतिरोध हुआ तो लाभ मिल सकता है। ऐसा हुआ तो उन्हें अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

पिछली बार माया दलबदल कर बनीं थी अध्यक्ष
गैरदलीय आधार पर चुनाव के बाद भी दुर्ग जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में जबरदस्त घमासान होता रहा है। पिछली बार निवर्तमान अध्यक्ष माया बेलचंदन ने दलबदल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के पास बराबर बराबर 6-6 सीटें थी, लेकिन ऐन मौके पर कांग्रेस से जीत दर्ज कर सदन में पहुंची माया बेलचंदन और हिमा साहू ने दलबदल कर लिया था।

Home / Durg / जिपं में कांग्रेस की सरकार तय, ओबीसी महिला के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए शालिनी-योगिता दावेदार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.