दुर्ग

भाजपा में गुटबाजी और असंतोष की लहर, मीडिया को बुलाकर भी दुर्ग जिला अध्यक्ष नहीं कर पाए नई कार्यकारिणी की घोषणा

भाजपा के जिला और मंडल अध्यक्ष के बाद अब कार्यकारिणी में नियुक्तियों को लेकर भी गुटबाजी के आसार दिख रहे हैं। इसी के चलते सोमवार को जिला कार्यकारिणी की घोषणा टाल दी गई।

दुर्गJan 12, 2021 / 12:06 pm

Dakshi Sahu

भाजपा में गुटबाजी और असंतोष की लहर, मीडिया को बुलाकर भी दुर्ग जिला अध्यक्ष नहीं कर पाए नई कार्यकारिणी की घोषणा

दुर्ग. भाजपा के जिला और मंडल अध्यक्ष के बाद अब कार्यकारिणी में नियुक्तियों को लेकर भी गुटबाजी के आसार दिख रहे हैं। इसी के चलते सोमवार को जिला कार्यकारिणी की घोषणा टाल दी गई। जिला अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार तमेर ने हालांकि गुटीय असंतोष जैसी स्थिति को सीधे तौर पर खारिज कर दिया, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि 13 से 22 जनवरी के बीच प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन को देखते हुए इसे टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि 22 के बाद जिला और उसके बाद मंडलों के कार्यकारिणी की घोषणा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मीडिया के सामने करने वाले थे कार्यकारिणी की घोषणा
जिला अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार तमेर ने सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में मीडिया के सामने अपने कार्यकारिणी की घोषणा करने वाले थे। इसके लिए प्रेस कांफ्रेंस भी बुला ली गई थी, लेकिन ऐन मौके पर कार्यकारिणी की घोषणा टाल दी गई। इसकी जगह जिला अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान सवालों के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन को सफल बनाने व अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोडऩ़े की मंशा से फिलहाल कार्यकारिणी को घोषणा टाल दी गई है। हालांकि उन्होंने कार्यकारिणी की घोषणा होने पर भी किसी तरह के असंतोष की संभावना को भी खारिज किया। प्रेस क्रांफेंस में पूर्व जिला अध्यक्ष ऊषा टावरी, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, लोकसभा मीडिया प्रभारी सतीश समर्थ, भायुमो नेता राजा महोबिया, गौरव शर्मा भी मौजूद थे।
22 तक चलेगा चरणबद्ध आंदोलन
जिला अध्यक्ष डॉ. तमेर ने बताया कि किसानों और धान खरीदी के मामले में प्रदेश आलाकमान ने 13 से 22 जनवरी तक सिलसिलेवार आंदोलन के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 13 को सभी विधानसभा क्षेत्र में आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद 22 जनवरी को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
1000 दिन की कार्ययोजना
जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश आलाकमान ने प्रदेश सरकार के बचे हुए कार्यकाल में घेरने के लिए 1000 दिन की कार्ययोजना तैयार की है। इसी के तहत पहले चरण में 13 को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन कार्यक्रम अगले विधानसभा चुनाव तक चलता रहेगा। पाटन में भाजपा कार्यकर्ताओं के आंदोलन और गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर डॉ. तमेर ने कहा कि पार्टी हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। पाटन का मामला न्यायालयीन होने के कारण फिलहाल कोई भी टिप्पणी ठीक नहीं है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.