दुर्ग

भाजपा के पूर्व पार्षद का पुलिस ने निकाला जुलूस, बीच सड़क पकड़वाए कान, दो साथी भी गिरफ्तार

भाजपा का पूर्व पार्षद अजय दुबे अपने साथियों के साथ लंबे समय से फरार चल रहा था। कुछ दिन पहले ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में लूट को अंजाम देते हुए मालिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।

दुर्गSep 21, 2021 / 12:22 pm

Dakshi Sahu

भाजपा के पूर्व पार्षद का पुलिस ने निकाला जुलूस, बीच सड़क पकड़वाए कान, दो साथी भी गिरफ्तार

दुर्ग. भाजपा (BJP) के पूर्व पार्षद का पुलिस ने न सिर्फ जुलूस निकाला बल्कि उसके दो साथियों के साथ बीच सड़क कान भी पकड़वाए। सोमवार को दुर्ग के मुख्य मार्ग पर यह नजारा देख लोग चौंक गए। दरअसल भाजपा का पूर्व पार्षद अजय दुबे अपने साथियों के साथ लंबे समय से फरार चल रहा था। कुछ दिन पहले ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में लूट को अंजाम देते हुए मालिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। पीडि़त की शिकायत के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी। सोमवार को पकड़े जाने पर उसका जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें
पूर्व परिवहन मंत्री और भाजपा के वरिष्ट नेता ने की आत्महत्या, पूर्व CM डॉ. रमन के नाम लिखा सुसाइडल नोट
….

दुकानदार पर किया था हमला
पुलिस ने बताया 18 सितंबर की रात पूर्व पार्षद अजय दुबे अपने दो अन्य साथियों के साथ महाराजा चौक स्थित मोबाइल दुकान में घुस गया। वहां से 10 हजार रुपए कैश लूट लिया और विरोध करने पर दुकानदार रोहित गुप्ता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके चलते पीडि़त के चेहरे, जांघ और कलाई पर गंभीर चोटें आईं थी। पुलिस ने पहले इसमें लूट का मामला दर्ज किया था, अब हत्या के प्रयास की धाराएं भी लगाई हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के कान पकड़वाए और शहर की सड़क पर जुलूस निकालकर कड़ा संदेश देने का प्रयास किया।
पैसों के लेनदेन का था विवाद
पूछताछ में आरोपी पूर्व पार्षद ने बताया कि रोहित का जीजा विजय चांडक उसका 80-90 लाख रुपए लेकर भाग गया है। काफी कोशिश के बाद भी जब रुपए नहीं मिले तो उसने रोहित पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व पार्षद अजय दुबे के खिलाफ अलग-अलग थानों में 23 मामले दर्ज हैं। इसमें मारपीट, हत्या की धाराओं में भी केस है। पिछले साल दिसंबर में उसे जिला बदर भी किया गया था। मोबाइल दुकान संचालक पर हमला करने के बाद भी आरोपी पूर्व पार्षद उसे सोशल मीडिया पर लगातार धमकी दे रहा था। पुलिस उसे फरार मानकर चल रही थी।

Home / Durg / भाजपा के पूर्व पार्षद का पुलिस ने निकाला जुलूस, बीच सड़क पकड़वाए कान, दो साथी भी गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.