scriptनगरीय निकाय चुनाव-कांग्रेस में आलाकमान तो भाजपा में कमेटी करेगी पार्षदों के टिकट का फैसला | The high command will decide the councilor's ticket in Congress | Patrika News

नगरीय निकाय चुनाव-कांग्रेस में आलाकमान तो भाजपा में कमेटी करेगी पार्षदों के टिकट का फैसला

locationदुर्गPublished: Nov 12, 2019 01:40:04 pm

Submitted by:

Hemant Kapoor

जिले के छह नगरीय निकायों में दिसंबर में चुनाव कराया जाना है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। राजनीतिक दलों के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती पार्षदों के जीत सकने वाले प्रत्याशियों का चयन और उनके नाम पर दूसरे दावेदारों को सहमत कर एकजुटता बनाए रखना है। इसी के चलते टिकट वितरण के लिए अलग-अलग फार्मूला अपनाया जा रहा है।

नगरीय निकाय चुनाव-कांग्रेस में आलाकमान तो भाजपा में कमेटी करेगी पार्षदों के टिकट का फैसला

टिकट वितरण के लिए अपनाया जा रहाअलग-अलग फार्मूला

दुर्ग. विधानसभा में बड़ी जीत से उत्साहित कांग्रेस इस बार शहर सरकार के चुनाव में भी सर्वे के आधार पर प्रत्याशियों के चयन के फार्मूले पर काम कर रही है। इसके लिए जिला और प्रदेश स्तर पर अलग-अलग सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर सीधे प्रदेश आलाकमान पार्षदों का टिकट तय करेगा। वहीं भाजपा में इस बार भी पुराने फामूले पर यानि संभागीय कमेटी द्वारा टिकट तय किया जाएगा। इसके लिए हर वार्ड से 3-3 दावेदारों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मंडलों को दी जाएगी।

कांग्रेस – सक्रियता व निष्ठा का पैमाना
कांग्रेस में जिला स्तर पर जिला अध्यक्षों के अलावा प्रदेश स्तर पर गोपनीय सर्वे कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें वार्डवार दावेदारों के नाम साथ उनकी वार्ड में सक्रियता, जीत सकने की क्षमता के साथ संघर्ष के दौर में कांग्रेस के प्रति निष्ठा जैसे पैमाने पर जानकारी जुटाई जा रही है। दो स्तर के सर्वे में जो ज्यादा योग्य पाए जाएंगे उनके नाम सीधे प्रदेश आलाकमान द्वारा तय किए जाएंगे।

भाजपा – संभाग और प्रदेश में निर्णय
भाजपा में प्रत्याशियों के नामों के चयन का मुख्य दायित्व मंडलों पर होगा। मंडल अध्यक्ष 3-3 नामों का पैनल बनाएंगे। इन नामों को वरीयता के क्रम में लिखकर संभागीय कमेटी को भेजा जाएगा। कमेटी इनमें से एक नाम तय कर घोषणा करेगी। जिन नामों पर संभागीय कमेटी में फैसला नहीं होगा उन्हें राज्य स्तरीय कमेटी को भेजा जाएगा।

कांग्रेस में होड़, भाजपा में गुटबाजी
कांग्रेस में टिकट के लिए अभी से दावेदारों की होड़ लग गई है। हालात यह है कि दावेदार अभी से जिला अध्यक्षों के पास बायोडाटा जमा करा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा में संगठन चुनाव को लेकर उपजे विवाद के बाद असमंजस की स्थिति बन गई है। भाजपा में भी दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन नेताओं के पास जाकर दावेदारी जैसी स्थिति नहीं दिख रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो