एक्टिंग, सिंगिंग,स्क्रिप्ट राइटिंग आदि क्षेत्रों में माहिर किशोर कुमार का आज 89वां जन्मदिन है। अब वो भले ही इस दुनिया में नही हैं, लेकिन उनके गीतों से वो हमेशा अमर रहेंगे। इस खास मौके पर हम आपको किशोर दा से जुड़े कुछ ऐसे राज के बारे में बताएंगे, जिनके बारे में बहुत ही कम लोग जानते हैं।
किशोर कुमार को भले ही एक उम्दा एक्टर माना जाता है। जिन्होंने 'चलती का नाम गाड़ी', 'हाफ टिकट', 'मन मौजी' जैसी कई सुपरहिट फिल्में भी दी है। मगर हकीकत में किशोर को एक्टिंग करना बिल्कुल पसंद नहीं था। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया था कि वह सिर्फ गाना गाना चाहते हैं और कभी भी एक्टिंग नहीं करना चाहते थे।
किशोर दा के इंडस्ट्री में बतौर एक्टर कदम रखने के पीछे की वजह है उनकी आर्थिक स्थिति। उन्होंने इंटरव्यू में यह भी बताया था कि वो खराब परिस्थितियों के कारण और पैसा कमाने के लिए अदाकारी कर रहे हैं, लेकिन इस काम में उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं है।
किशोर कुमार भले ही मुंबई शहर के ऐसे नगीने हो जिनकी चमक आज तक बरकरार है, मगर किसी दौर में उन्हें ये शहर भी बिल्कुल पसंद नहीं था। उन्होंने कहा था कि इस बेवकूफीभरे, बिना दोस्तों वाले और बेरुखे शहर में कोई कैसे रह सकता है। वो सोचते थे कि जिस शहर में इतना शोषण होता है वहां रहने से अच्छा अपने घर खांडवा चला जाएं। मगर वक्त के साथ उनकी सोच बदली और वो मुंबई में रहने लगे।
दुनिया किशोर कुमार की अदाकारी की मुरीद बन गई थी, वहीं किशोर इसे कभी भी सीरियसली नहीं लेते थे। वो अपनी लाइन्स बोलने में जानबूझकर गलतियां करते थे, क्रेजी दिखाने की कोशिश करते थे। जिससे लोग उनसे नफरत करें। मगर उनका यही अनोखा अंदाज लोगों को भा गया और वो अपने जमाने के सुपरस्टार बन गए।
किशोर कुमार को इंसानों के बजाय पेड़—पौधों से बातें करना अच्छा लगता था। वो उनके साथ हंसते—बोलते थे, उन्हें जोक्स सुनाते थे। उन्हें प्रकृति के साथ रहना और ज्यादा से ज्यादा समय बिताना पसंद था।
करियर की बात करें तो किशोर को सबसे पहला चांस बाम्बे टॉकीज मूवी में बतौर कोरस सिंगर के तौर पर मिला था। इसके बाद उन्हें फिल्म शिकारी में अपने बड़े भाई अशोक कुमार के साथ काम करने का मौका मिला। ऐसे उन्होंने कई मूवीज की। बाद में उन्हें पहचान बतौर सिंगर मिली।
किशोर कुमार कई विवादों में भी घिरे रहे। इसके तहत उन्होंने अमिताभ बच्चन के लिए गाना गाना बंद कर दिया था। बताया जाता है कि बिग बी ने किशोर निर्देशित मूवी ममता की छांव में काम करने से मना कर दिया था। बाद में उन्होंने इस किरदार के लिए सुपरस्टार राजेश खन्ना को साइन किया था। हालांकि ये मूवी किशोर कुमार की मौत के बाद रिलीज हो पाई थी।
पर्सनल लाइफ की बात करें तो किशोर कुमार ने चार शादियां की थी। उनकी पहली पत्नी बंगाली थीं। जिनका नाम रूमा घोष था। वो भी एक सिंगर थी। इसके बाद किशोर एक्ट्रेस मधुबाला की खूबसूरती पर मर मिटें। उन्होंने उनसे शादी कर ली। मगर मधुबाला को लेकर भी किशोर के कई कांट्रोवर्सी सामने आए। मधुबाला के बाद किशोर ने एक्ट्रेस योगिता बाली और बाद में लीना चंदवारकर के साथ शादी की थी।
मधुबाला और किशोर कुमार की लव स्टोरी का बेहद ही ट्रैजिक अंत हुआ था। मधुबाला के दिल में छेद था। इस बात का पता किशोर को उनके साथ लंदन में रहने के दौरान चला था। अफवाह के मुताबिक किशोर को मधुबाला की बीमारी का पता चलने के बाद वो उन्हें मुंबई ले आए थे। जहां उन्होंने उन्हें एक नर्स और ड्राइवर के साथ अकेले रहने को छोड़ दिया था। वो सप्ताह में महज एक—दो बार ही जाते थे। किशोर के ऐसे रवैये के चलते मधुबाला पूरी तरह से टूट गई थीं।