दस का दम

बालों का झड़ना एक हफ़्ते में रोक देगा ये जादुई नुस्खा, ऐसे करें इस्तेमाल

बालों को असमय सफेद होने और गिरने से बचाने में मददगार है ये 10 घरेलू नुस्खे

Oct 01, 2018 / 11:39 am

Soma Roy

बालों का झड़ना एक हफ़्ते में रोक देगा ये जादुई नुस्खा, ऐसे करें इस्तेमाल

नई दिल्ली। उम्र बढ़ते ही लोगों को बाल झड़ने और सफेद होने की समस्याएं शुरू हो जाती हैं। अगर आप भी इन्हीं में से एक हैं तो कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं। तो क्या है वो उपाय आइए जानते हैं।
1.अगर आपके बाल रोजाना काफी झड़ते हैं तो आप चिरौंजी, मुलेठी, कूठ, उड़द और सेंधा नमक को मिलाकर तैयार किया गया मिश्रण बालों पर लगाएं। इसे लगाने के लिए आप बाजार से इसका पाउडर ले सकते हैं व रात में भिगोकर इसे सुबह पीसकर पेस्ट तैयार करें। अब शहद में मिलाकर इसे बालों में आधे घंटे के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके बाद सामान्य पानी से धो लें। इससे बाल मजबूत और चमकदार हो जाएंगे।
2.अगर आपके बाल असमय सफेद हो रहे हैं तो नीलकमल, नागकेसर, मुलेठी, काले तिल और आंवला मिलाकर पीस लें और रोज पानी में मिलाकर सिर पर लगाएं। अगर आपको नीलकमल और नीलकेसर न मिलें तो आप बाकी बची हुई चीजों का मिश्रण लगा सकते हैं। इसे बालों में करीब आधे घंटे तक के लिए रखें। इससे बाल लंबे समय तक काले रहेंगे और डैंड्रफ से भी छुटकारा मिलेगा।
3.जिन लोगों के बाल बेजान, रूखे और कमजोर हैं उन्हें हाथी दांत के भस्म में रसौत मिलाकर लगाना चाहिए। इसका घोल बनाने के लिए बकरी व गाय के दूध का इस्तेमाल करें। इससे बालों को पोषण मिलेगा, जिससे वो मजबूत होंगे।
4.बालों का झड़ना रोकने और इन्हें काला बनाने के लिए भांगरा, नीलकमल, त्रिफला, अनंतमूल और आम की गुठली को पीस कर उसका चूर्ण बना लें। अब आधे लीटर तिल के तेल में एक लीटर पानी डालकर पिसी हुई चीजों को मिलाकर उबालें। जब तेल आधा रह जाए तब इसे ठंडा करके छान कर रख लें। अब रोजाना रात को सोते समय इस तेल से बालों की मालिश करें। इससे बालों का गिरना एक सप्ताह में बंद हो जाएगा।
5.गंजापन की समस्या को दूर करने और बालों को चमकदार बनाने के लिए वटांकुर और भूतकेशी दोनों को पीसकर चूर्ण बना लें। अब आधे लीटर तिल के तेल और एक लीटर पानी में चूर्ण डालकर खौलाएं। मिश्रण के आधा रह जाने पर इसे रख लें। अब रोजाना इससे अपने बालों का मसाज करें।
6.जिन लोगों के बाल रूखे है और रूसी की समस्या है तो उन्हें लाल चंदन, मुलेठी, मूर्वा की जड़, त्रिफला, नीलकमल, प्रियंगु और वटांकुर मिलाकर लगाना चाहिए। इससे बाल उम्र बढ़ने के बावजूद काले रहेंगे।
7.अगर आपके बालों में रूसी हो गई है तो इससे छुटकारा पाने के लिए कच्चे पपीते का पेस्ट लगाएं। इसे लगाने के लिए आधा कटोरी कच्चे पपीते को पीसकर इसमें दो चम्मच नींबू का रस मिलाकर बालों में लगाएं। इसे 15 से 20 मिनट रहने दें। अब बालों को नॉर्मल पानी से धो लें। इससे समस्या दूर हो जाएगी।
8.जिन लोगों के बाल लगातार झड़ रहे हैं उन्हें बाल धोने से एक घंटे पहले अपने बालों में दही लगा लेना चाहिए। इसमें मौजूद प्रोटीन और कैल्शियम बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं। इससे बालों में चमक भी आती है।
9.बालों को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए दूध में बेसन मिलाकर लगाएं। इससे बालों में मौजूद गंदगी भी दूर होती है।

10.जिन लोगों के बाल गिरते रहते हैं और पतले हैं उन्हें बाल धोने से आधे घंटे पहले जैतून के तेल को हल्का गर्म करके उसमे एक चम्मच शहद और दालचीनी पाउडर डालकर लगाना चाहिए। इससे बालों का झड़ना बंद हो जाएगा।

Hindi News / Dus Ka Dum / बालों का झड़ना एक हफ़्ते में रोक देगा ये जादुई नुस्खा, ऐसे करें इस्तेमाल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.