चुनाव

Uttar Pradesh Assembly Elections 2022: ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत बनारस में कांग्रेस की महिला मैराथन, विजेता को मिलेगी स्कूटी

Uttar Pradesh Assembly Elections 2022: प्रियंका गांधी वाड्रा का नारा, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ यं तो पूरे यूपी में जन-जन की जुबान पर आ ही गया है। अब इसी स्लोगन के साथ बनारस में महिला मैराथन होने जा रहा है जिसमें केवल महिलाएं और युवतियां भाग लेंगी। विजेता को स्कूटी प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग सोमवार शाम से शुरू हो चुकी है।

Jan 04, 2022 / 02:58 pm

Ajay Chaturvedi

प्रियंका गांधी वाड्रा

वाराणसी. Uttar Pradesh Assembly Elections 2022: लड़की हूं लड़ सकती हूं स्लोगन संग बनारस में होगी महिला मैराथन। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस मैराथन की विजेता को मिलेगी शानदार स्कूटी। इतना ही नहीं मैराथन की हर प्रतिभागी को सम्मान व पुरस्कार दिया जाएगा। ये जानकारी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने दी। इस बीच कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस मैराथन के दौरान कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी मौजूद रह सकती हैं।
प्रदेश में करीब तीन दशक से खोई सियासी जमीन की तलाश में जुटी कांग्रेस की स्टार नेता प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी है। आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने आधी आबादी को फोकस किया है। उन्होंने स्लोगन दिया, लड़की हूं लड़ सकती हूं। साथ ही पार्टी का टिकट हासिल करने का मौका भी दिया है महिलाओं और लड़कियों को।
अब प्रियंका गांधी के स्लोगन पर बनारस में आगामी 9 जनवरी को महिला मैराथन का आयोजन किया गया है। महानगर अध्यक्ष चौबे ने बताया कि इस मैराथन के लिए सोमवार की शाम को ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई और अब तक तीन सौ से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपनी बुकिंग करा ली है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से मैनुअली भी बुकिंग शुरू कर दी गई है।
चौबे ने बताया कि महिला मैराथन सिगरा स्थित भारत माता मंदिर से सुबह 8 बजे शुरू होगी और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय सिंहद्वार तक जाएगी। उन्होंने बताया कि मैराथन जीतने वाली महिला प्रतिभागी को पुरस्कार स्वरूप स्कूटी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 25 धाविकाओं को मोबाइल फोन, 100 को फिटनेस बैंड और 1000 को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मैराथन में शामिल होने वाली सभी लड़कियों को मेडल और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतिभागियों में शीर्ष क्रम में स्थान बनाने वाली धाविकाओं को स्मार्ट वाच भी दिया जाएगा।
चौबे ने बताया कि मैराथन में शामिल होने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। मैराथन सकुशल संपन्न हो और ज्यादा से ज्यादा लड़कियां शामिल हो सकें, इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ब्लाकवार और बूथवार ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान से जुड़ने के लिए लड़कियां मोबाइल नंबर 9034032022 पर मिस कॉल कर सकती हैं। पार्टी का उद्देश्य, जिले की लड़कियों को प्रियंका गांधी के विचारों को बताना है। कांग्रेस नारी शक्ति को सम्मान और महत्व देने वाली पार्टी है। लड़कियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ही लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान कांग्रेस ने शुरू की है।

Hindi News / Elections / Uttar Pradesh Assembly Elections 2022: ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान के तहत बनारस में कांग्रेस की महिला मैराथन, विजेता को मिलेगी स्कूटी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.