चुनाव

UP Assembly Elections 2022 : एकाएक राजनीति में उतरकर इन महिलाओं ने सबको चौंकाया, बटोरी सुर्खियां

UP Assembly Elections 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार भी आधा आबादी की भूमिका काफी अहम होगी। इस चुनाव में कांग्रेस से पंखुड़ी पाठक, बिकनी गर्ल के नाम से मशहूर अर्चना गौतम, उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा सिंह पहली बार चुनावी मैदान में है। जबकि निर्भया केस से चर्चा में आई सीमा समृद्धि कुशवाहा बसपा और अपर्णा यादव व प्रियंका मौर्या भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। हालांकि अभी इन तीनों के चुनाव लड़ने पर संशय है।

Jan 21, 2022 / 05:30 pm

Amit Tiwari

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस चुनाव में पहली बार महिला सशक्तीकरण का भरपूर नजारा देखने को मिल रहा है। सभी सियासी दल महिलाओं को लेकर काफी संजीदा नजर आ रहे हैं और उन्हें अपनी क्षमतानुसार राजनीति क्षेत्र में सियासी भागीदारी देने का भी प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इस चुनाव में खास बात यह है कि कई ऐसी महिलाओं के चेहरे सामने आये हैं, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी चमक बिखेरेंगे। इसमें से कांग्रेस से पंखुड़ी पाठक, बिकनी गर्ल के नाम से मशहूर अर्चना गौतम, उन्नाव रेप पीड़िता की मां सीमा सिंह हैं। भारतीय जनता पार्टी से मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव, कांग्रेस की मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं की पोस्टर गर्ल रहीं प्रियंका मौर्या हैं। वहीं बहुजन समाज पार्टी से निर्भया केस से चर्चा में आईं सुप्रीम कोर्ट की वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा शामिल हैं।
पखुंड़ी पाठक

दिल्ली में रहने वाली पंखुड़ी पाठक का जन्म 1992 में हुआ था। वे नॉन पॉलिटिकल बैकग्राउंड से हैं। लॉ की स्टूडेंट रहीं पंखुड़ी लंबे समय से समाजवादी पार्टी की छात्र सभा से जुड़ी रही। पंखुड़ी समाजवादी पार्टी के साथ अखि‍लेश यादव और उनकी वाइफ डिंपल यादव से काफी प्रभावि‍त रहीं हैं। लेकिन पंखुड़ी पाठक ने 27 फरवरी 2021 को समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गई थी। 2022 के विधानसभा के चुनाव में वह दिल्ली से सटे नोएडा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।
अपर्णा यादव

2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करने वाली अपर्णा यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटू बहू हैं। अपर्णा ने गुरुवार को दिल्ली में भाजपा की सदस्य़ता ग्रहण की है। अपर्णा महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए काम करतीं हैं। वह एक बावेयर (bAware) के नाम से एक संगठन भी चलाती हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा यादव लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
सीमा समृद्धि कुशवाहा

मूलरूप से इटावा की रहने वाली सीमा समृद्धि कुशवाहा निर्भया कांड के दोषियों को फांसी की सजा दिलाकर सुर्खियों में आई थीं। इसके अलावा हाथरस की बेटी का भी केस सीमा कुशवाहा मुफ्त लड़ रही हैं। इसके अलावा सीमा समृद्धि कुशवाहा दुष्कर्म पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए एक संगठन भी चलाती हैं। आईएएस बनने की ख्वाहिश करने वाली सीमा समृद्धि कुशवाहा ने गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। हालांकि अभी उनके विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर संशय है, लेकिन माना जा रहा है कि अगर पार्टी आदेश करेंगीं तो वह चुनाव भी लड़ सकती हैं।
ये भी पढ़े: राहलु और प्रियंका ने जारी किया कांग्रेस का घोषणा पत्र, युवाओं पर फोकस

प्रियंका मौर्या

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ कैंपेन पोस्टर चर्चा में आईं प्रियंका मौर्या लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से चुनाव की तैयारी कर रही थीं। लेकिन जारी लिस्ट में इस सीट से रुद्र दमन सिंह का नाम था। इसके बाद प्रियंका मौर्या ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं पर टिकट नहीं पा सकी क्योंकि ओबीसी थी और घूस नहीं दे सकी।’ प्रियंका मौर्या गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गई हैं। फिलहाल अभी उनके चुनाव लड़ने की संभावना नहीं हैं।
अर्चना गौतम

यूपी चुनाव 2022 में कांग्रेस उम्मीदवार अर्चना गौतम चर्चा में आ गई हैं। अर्चना गौतम मेरठ जिले के हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। मॉडल से राजनेता बनीं अर्चना की तस्वीरें इस समय सोशल मीडिया पर खूब चल रही हैं। बिकनी पहनी उनकी तस्वीरों के वायरल होने के बाद अर्चना की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने मीडिया से उनके पेशे और राजनीतिक करियर को मिक्स न करने का आग्रह किया है। मॉडल अर्चना ने नवंबर 2021 में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। चुनाव से पहले हस्तिनापुर के लिए अपने विजन के बारे में बात करते हुए गौतम ने कहा कि अगर वह चुनाव जीतती हैं, तो उनका मुख्य ध्यान विकास कार्यों के साथ ही पर्यटन पर पर होगा।
आशा सिंह

कांग्रेस ने 2017 के बहुचर्चित उन्नाव रेप कांड में पीड़िता की माँ आशा सिंह को उन्नाव सदर से टिकट दिया है। इस मामले में बीजेपी के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को 17 वर्षीया लड़की के साथ बलात्कार का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी। आशा सिंह ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि प्रियंका गांधी हमारी मदद कर रही हैं। उनके पीए ने हमें फोन करके पूछा कि आप चुनाव लड़ोगी तो हमने उन्हें जवाब में हां कह दिया। उन्होंने ट्विटर पर बताया कि मेरे संघर्ष में और मेरी लड़ाई में मेरा साथ देने के लिये कांग्रेस पार्टी की आभारी हूं।

Home / Elections / UP Assembly Elections 2022 : एकाएक राजनीति में उतरकर इन महिलाओं ने सबको चौंकाया, बटोरी सुर्खियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.