scriptUP Assembly Elections 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वादों की झड़ी, जानिए किस दल ने क्या-क्या किए हैं वादे | UP Assembly Election 2022 Political Parties manifesto | Patrika News

UP Assembly Elections 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वादों की झड़ी, जानिए किस दल ने क्या-क्या किए हैं वादे

locationलखनऊPublished: Dec 09, 2021 02:17:14 pm

Submitted by:

Amit Tiwari

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी काफी समय है। लेकिन इस बीच सियासी दल के नेता बड़े-बड़े वादे करने से नहीं चूक रहे हैं। आने वाले समय में भी कई नए-नए वादे सामने आएंगे। इन वादों का जनता पर क्या असर पड़ेगा यह तो विधानसभा के चुनाव परिणाम ही बतायेंगे। लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि इन वादों में आने वाले खर्च का बोझ कहीं न कहीं उत्तर प्रदेश की जनता को ही उठाना पड़ेगा।

party.jpg
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव से पहले सियासी दल जनता को अपने पक्ष में करने के लिए नित नए वादे कर रहे हैं। बुधवार को यूपी कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं के लिए ‘शक्ति विधान’ के नाम से घोषणा पत्र जारी कर कई वादे किये हैं। इसमें 12वीं पास करने वाली लड़कियों को मुफ्त में स्कूटी और स्मार्टफोन, महिलाओं को साल में 3 गैस सिलेंडर मुफ्त देने जैसे वादे शामिल हैं। कांग्रेस के अलावा भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल, आम आदमी पार्टी ने भी यूपी की सत्ता हासिल करने के लिए वादों को झड़ी लगा दी है।
भाजपा ने किया फ्री लैपटॉप-स्मार्ट फोन का वादा

भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और टैबलेट देने का वादा किया था। अब योगी सरकार ने फैसला किया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर से छात्रों को फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे जाएंगे। योगी सरकार ने इसके लिए 18 सौ करोड़ रुपये का बजट भी तय किया है। इसके अलावा भाजपा ने हर साल लाखों युवाओं को नौकरी व स्वरोजगार देने की भी खास तैयारी कर रखी है। हालांकि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के लिए अभी घोषणा पत्र जारी नहीं किया है।
कांग्रेस ने लगाई वादों की झड़ी

उत्तर प्रदेश की सत्ता से पिछले तीन दशक के अधिक समय से दूर कांग्रेस ने 2022 में होने वाले विधानसभा के चुनाव में अपनी खोयी जमीन पाने के लिए इस साल कई वादे किए हैं। कांग्रेस ने इसमें सबसे अधिक जोर मुफ्त में सामान और सुविधाएं देने दिया है। बुधवार को कांग्रेस ने महिलाओं के लिए एक अलग से घोषणा पत्र जारी किया। शक्ति विधान नाम के इस घोषणा पत्र में महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत पर खासा ध्यान दिया गया है। इसके अलावा कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनने पर महिलाओं को सस्ता कर्ज, कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में छात्रावास बनाने, स्वयं सहायता समूह को 4 फीसदी पर कर्ज और राशन की सरकारी दुकानों में 50 फीसदी का संचालन महिलाओं को देने का वादा किया गया है. कांग्रेस ने हर साल महिलाओं को तीन गैस सिलेंडर मुफ्ते देने का वादा किया है। इसके अलावा किसी परिवार में पैदा होने वाली बालिका के लिए सरकार बैंक में पैसे जमा करवाएगी। इसके अलावा पुलिस की भर्ती में महिलाओं को 25 फीसदी आरक्षण देने और आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का भी वादा कांग्रेस ने किया है।
समाजवादी पार्टी के चुनावी वादे

समाजवादी पार्टी ने हालांकि अभी कोई घोषणा पत्र नहीं जारी किया है। लेकिन सपा के नेता अपने चुनावी भाषणों में कुछ घोषणाएं लगातार कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने सहारनपुर की एक सभा में कहा था कि उनकी सरकार में गाजीपुर और बलिया से लखनऊ आने वाली सड़क को ठीक किया जाएगा। अखिलेश ने किसानों की कर्जमाफी का भी वादा किया है। वहीं सपा मुख्यालय पर लगे एक पोस्टर में दावा किया गया था कि सपा सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
रालोद ने भी किये बड़े-बड़े वादे

पश्चिम उत्तर प्रदेश में सक्रिय राष्ट्रीय लोकदल ने अपने घोषणा पत्र में सरकार बनने पर निजी और सरकारी क्षेत्र में 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा उसे आलू की डेढ़ गुना अधिक कीमत देने, आगरा में राज्य आलू अनुसंधान संस्थान और निर्यात संवर्धन केंद्र खोलने, गन्ने का भुगतान 14 दिन में कराने, गन्ना की लागत का डेढ़ गुना कीमत किसानों को देने, किसानों को हर साल 6 हजार रुपये देने, बुजुर्ग, विकलांग और विधवा पेंशन को 3 गुना तक बढ़ाने और सरकारी भर्तियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने समेत कई वादे किये हैं।
संस्कृत विद्यालयों को सरकारी सहायता देगी बसपा

यूपी में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने वादा किया है कि सरकार बनने पर सरकारी संस्कृत विद्यालयों को सरकारी सहायता देंगे। यूपी में खाली पड़े सभी सरकारी पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा वित्तविहीन प्रबंधक एवं शिक्षक महासभा की मांगों पर आयोग बनाने और सम्मानजनक मानदेय और सेवा नियमावली को लागू किया जाएगा।
आप का 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा

दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी की नजर भी उत्तर प्रदेश पर लगी हुई है। पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने वादा किया है कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बिजली का सप्लाई 24 घंटे की जाएगी और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। इसके साथ ही आप ने किसानों के लिए मुफ्त बिजली और बिजली के बकाया बिल माफ करने की भी घोषणा की है। संजय सिंह का दावा है कि यूपी में पार्टी की सरकार बनने के 24 घंटे के भीतर ये वादे पूरे किए जाएंगे।
जनता की जेब में पड़ेगा वादों का बोझ

कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी काफी समय है। लेकिन इस बीच सियासी दल के नेता बड़े-बड़े वादे करने से नहीं चूक रहे हैं। आने वाले समय में भी कई नए-नए वादे सामने आएंगे। इन वादों का जनता पर क्या असर पड़ेगा यह तो विधानसभा के चुनाव परिणाम ही बतायेंगे। लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि इन वादों में आने वाले खर्च का बोझ कहीं न कहीं उत्तर प्रदेश की जनता को ही उठाना पड़ेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो