scriptराजस्थान रोडवेज चक्काजाम : नहीं टूटी हड़ताल, आज फिर नहीं चलेंगी बसें | Rajasthan Roadways Chakkajam : Deadlock continues | Patrika News

राजस्थान रोडवेज चक्काजाम : नहीं टूटी हड़ताल, आज फिर नहीं चलेंगी बसें

Published: Sep 18, 2018 09:57:31 am

सातवें वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार रात 12 बजे से 24 घंटे की Rajasthan रोडवेज बसों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रहेगी।

RSRTC Chakkajam

RSRTC

सातवें वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार रात 12 बजे से 24 घंटे की Rajasthan रोडवेज बसों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रहेगी। संयुक्त मोर्चे की सोमवार को हुई बैठक में ये निर्णय लिया गया। प्रदेश भर में सोमवार को हड़ताल का असर दिखा। जेसीटीएसएल एम्प्लॉइज यूनियन-एटक की हड़ताल के कारण राजधानी में लो फ्लोर बसों भी ठप रही। राजधानी में ढाई लाख यात्रियों को परेशानी हुई। कर्मचारी नेताओं की महापौर अशोक लाहोटी से वार्ता विफल रही। हड़ताल से आमजन परेशान रहा तो निजी बसों वालों ने इसे अवसर के रूप में भुनाया। शहर में ओर शहर से बाहर प्रदेश के दूसरे इलाके में जाने के लिए यात्रियों को तीन से चार गुणा अधिक किराया देना पड़ा। निजी बसों में भी भीड़ रही और लोगों ने ज्यादा पैसे देकर भी खड़े-खड़े सफर किया।

बसें बंद, बेबस लोग ढूंढते रहे सहारा
रोजाना शोर—शराबे और हजारों बसों की आवाजाही में व्यस्त रहने वाले केन्द्रीय बस स्टैंड यानी सिन्धी कैम्प के अंदर सोमवार को सन्नाटा छाया रहा। जयपुर पहुंचने पर अधिकतर यात्रियों को रोडवेज व लो फ्लोर बसों की हड़ताल का पता लगा। ऐसे में उनके लिए परेशानी खड़ी हो गई। बसों के लिए लोग भटकते नजर आए। परिवार, बच्चों के साथ आए लोग निजी बसों में भीड़ देख सफर करने से बचते रहे। ऐसे मेें कई लोग सिंधी कैंप पर ही हड़ताल का खुलने का इंतजार करने लगे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।

…जाना है तो इतना ही किराया लगेगा
सिंधी कैंप बस स्टैण्ड के बाहर टिकट-सीट के लिए मारामारी और किराए को लेकर हो रही बहसबाजी का शोर मचा रहा। रोडवेज बसों की हड़ताल से निजी बसों की चांदी हो गई। यात्रियों से तीन से चार गुणा किराया अधिक वसूला। मजबूरन यात्रियों को मंहमांगे दाम देकर सफर करना पड़ा। इधर शहर में चौमू सर्किल, अजमेर रोड, नारायण सिंह सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर, घाटगेट बस स्टैंडों पर यात्री बसों के इंतजार में परेशान होते रहे। यही हाल राजधानी में लो फ्लोर बसों की हड़ताल के कारण नजर आए। बस स्टॉफ पर बसों का इंतजार करते नजर आए। ऐसे में लोगों को ऑटो, कैब और मिनी बसों से सफर करना पड़ा। अनुमान के मुताबिक राजधानी में करीब ढाई लाख लोगों को परेशानी हुई।

सब कुछ बंद
-रोडवेज की 4500 बसें बंद।
-5.25 करोड़ का नुकसान
-11 राज्यों में बसें नहीं गईं
-10.50 लाख यात्री हुए परेशान
-85 सुपर लग्जरी बसें भी बंद

ये हैं प्रमुख मांगें
-सातवें वेतन आयोग को रोडवेज कर्मचारियों के लिए लागू किया जाए
-रिटायर्ड कर्मचारियों का बकाया भुगतान हो
-3000 कर्मचारियों के 300 करोड़ बकाया, भुगतान हो

सरकार के बर्ताव से नाखुश, जारी रहेगी हड़ताल
सातवें वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार रात 12 बजे से 24 घंटे के लिए प्रस्तावित रोडवेज हड़ताल आगे जारी रहेगी। इस संबंध में सोमवार को संयुक्त मोर्चे की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मिति से हड़ताल को आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया गया। वहीं दूसरी ओर संयुक्त मोर्चे से संबंद्ध जेसीटीएसएल एम्प्लॉईज यूनियन-एटक की ओर से की जा रही हड़ताल के कारण राजधानी में लो फ्लोर बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। नगर निगम में महापौर अशोक लाहोटी से कर्मचारी नेताओं की वार्ता हुई, लेकिन सातवें वेतनमान पर बात अटक गई और वार्ता विफल रही। ऐसे में लो फ्लोर बसों का संचालन आगे भी बंद रखने का निर्णय लिया गया।

सभी बस स्टैंडों पर परेशान होते रहे यात्री
-दिल्ली से आए रोशन लाल को सामोद जाना था। ऐसे में परिवार के साथ जैसे ही जयपुर पहुंचा तो हड़ताल की खबर मिली। निजी वाहन के लिए प्रयास किए तो 3 हजार रुपए मांगे। बाहर निजी वाहनों में 250 रुपए प्रति किराया मांगा। पत्नी हेमा ने बताया कि रोडवेज बस में 70 रुपए किराया लगता है। थक हार कर सिंधी कैंप ही बैठ गए।

-सिंधी कैंप बस स्टैंड पर दो घंटे से बसों के इंतजार कर रही सरोज ने बताया कि अजमेर के लिए बस नहीं मिल रही। पति सभी जगह पूछताछ कर रहे हैं। इधर बच्चे भी परेशान हो रहे हैं। इधर निजी बसों में भी भीड़ ज्यादा होने के कारण परेशानी हो रही हैं।

-नारायणसिंह सर्किल बस स्टैंड पर डॉ. परमीत कौर तीन घंटे से दिल्ली की का इंतजार कर रही थी। उन्होंने बताया कि कल ही रात में ऑन लाइन टिकिट बुक कराई। टिकट बुक हो गई। लेकिन आज बस नहीं आई। पता लगा है कि हड़ताल है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो