नगर निगम के दो लाख कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ इसी फरवरी माह से मिलना शुरू हो जाएगा…
लखनऊ। नगर निगम के दो लाख कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ इसी फरवरी माह से मिलना शुरू हो जाएगा। महासंघ के महामंत्री राकेश अग्निहोत्री समेत नगर निगम एवं जलकल कर्मचारी संघ नगर निगम लखनऊ के महामंत्री कैसर रजा और अन्य कर्मचारियों ने नगर विकास मंत्रालय और मुख्यमंत्री को शासनादेश लागू करने पर बधाई दी।
जानकारी के अनुसार इस तरह का शासनादेश बुधवार को निकलते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कर्मचारी एक दूसरे के गले लगकर बधाई देते और मिठाई खिलाते दिखे। लालबाग स्थित मुख्यालय पर कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष शशि मिश्र का भव्य स्वागत किया।
शशि मिश्र ने बताया कि दैनिक वेतन, वर्कचार्ज कर्मचारी जो 31 दिसम्बर 2001 तक कार्यरत थे उनके विनियमितिकरण का आदेश भी सरकार ने जारी कर दिया है। धारा 108 के तहत जो 43 कर्मचारी लखनऊ नगर निगम में कार्यरत हैं उनके भी विनियमितिकरण की स्वीकृति वित्त विभाग ने दे दी है। जिसका आदेश जारी कराने में कर्मचारी नेता देर रात तक शासन में अधिकारियों के पास जुटे रहे। उन्होंने बताया कि सरकार के इस आदेश से प्रदेश के दैनिक वेतन, वर्कचार्ज के दस हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे।