गुड़गांव में रहने वाली आकांक्षा की शादी युवराज सिंह के छोटे भाई ज़ोरावर से साल 2014 में हुई थी। तब उनकी उम्र महज़ 23 साल थी मगर ये शादी बमुश्किल चार महीने भी ठीक से नहीं चल पाई। उन्होंने सलमान से कहा, ‘शादी के बाद जीने की बजाय मर जाने का मन कर रहा था। मुझे युवराज के भाई में ना तो कभी अपना लाइफ पार्टनर दिखा और ना ही एक दोस्त’।
पति के साथ-साथ आकांक्षा ने युवराज की मां शबनम को यह शादी टूटने के लिए ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वो अपनी सास शबनम के बुरे रवैये से इतनी ज्यादा परेशान थीं कि उन्हें घर छोड़ने का फैसला करना पड़ा। तब उनके पास महज़ तीन हज़ार रुपए थे।
चार महीने बाद ही आकांक्षा ज़ोरावर से अलग हो गईं लेकिन अभी तक उनका तलाक़ नहीं हुआ है। बिग बॉस 10 में उन्होंने सलमान से कहा कि उन्हें अपने ससुरालवालों से कुछ और नहीं सिर्फ तलाक चाहिए।
युवराज सिंह ने अपने भाई-भाभी की शादी की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्हें मुबारकबाद दी थी लेकिन अब उस रिश्ते के पीछे की सच्चाई के खुलासे होने लगे हैं। रियलिटी शो बिग बॉस हर सीज़न में किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहता है। इस बार भी इसकी शुरुआत इस विवाद से हो रही है। देखिए आगे आगे होता है क्या।