scriptऑस्कर 2016 में लियोनार्डो को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता से नवाजा गया | Leonardo DiCaprio finally wins best actor Oscar for Iñárritu’s The Revenant | Patrika News

ऑस्कर 2016 में लियोनार्डो को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता से नवाजा गया

Published: Feb 29, 2016 03:50:00 pm

Submitted by:

हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो को 88वें अकादमी
पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘द रेवनंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का
अवार्ड मिला है।

हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो को 88वें अकादमी पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘द रेवनंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवार्ड मिला है। उन्हें पहली बार ऑस्कर मिला है, हालांकि वह पूर्व में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चार बार नामांकित हो चुके थे।

ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में किया गया।

डिकैप्रियो ने ऑस्कर जीतने के बाद अपने धन्यवाद भाषण में कहा, ”आप सभी का शुक्रिया। अकादमी का धन्यवाद। इस कक्ष में मौजूद सभी लोगों का धन्यवाद। मैं अन्य दावेदारों को भी बधाई देता हूं।”

लियोनार्डो के साथ सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की दौड़ में ब्रायन क्रांस्टन (ट्रंबो), मैट डैमन (द मार्शिन), माइकल फैसबेंडर (स्टीव जॉब्स) और एडी रेडमेन (द डैनिश गर्ल) थे।

लियोनार्डो ने अपनी जीत के लिए फिल्म ‘द रेवनंट’ के निर्देशक एलेक्जेंड्रो गोंजालेस इनारिटु का भी धन्यवाद किया। इनारिटु को भी इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।

यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। एक ऐसे शख्स के जीवन के संघर्षों की कहानी है, जो धोखे के बीच एक भालू से अपनी जिंदगी की जंग करता है।

हॉलीवुड की कई हस्तियों लियोनार्डो के जीतने की उम्मीद थी, जिनमें ‘टाइटैनिक’ फिल्म में उनकी सह कलाकार और अच्छी दोस्त केट विंस्लेट और इस बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की दौड़ में शामिल रेडमेन शामिल हैं।

सर्वेश्रेष्ठ अभिनेता के विजेता के लिए जब अभिनेत्री जूलियन मूर ने लियोनार्डो के नाम का ऐलान किया तो वह प्रशंसकों की तालियों के बीच मंच पर गए। सभी ने उनका खड़े होकर अभिवादन किया।

लियोनार्डो ने जलवायु परिवर्तन पर भी अपने विचार रखते हुए कहा, ”जलवायु परिवर्तन वास्तविक है और यह हो रहा है। मानव जाति के लिए यह बहुत बड़ा खतरा है। हमें मानवता के लिए काम करने वाले नेताओं को सहयोग देने की जरूरत है।” लियोनार्डो की जीत से उनके प्रशंसक बहुत खुश हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो