script“चाचा खाएंगे, भतीजा खाएगा और बचा तो आजम चाट जाएगा” | Amit Shah slams Samajwadi Party BSP and congress | Patrika News

“चाचा खाएंगे, भतीजा खाएगा और बचा तो आजम चाट जाएगा”

locationइटावाPublished: Oct 27, 2016 10:26:00 pm

Submitted by:

Abhishek Gupta

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज प्रदेश की सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को उनके घर में चुनौती दी। 

Amit Shah

Amit Shah

इटावा. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज प्रदेश की सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को उनके घर में चुनौती दी। इटावा के नुमाइश मैदान में भाजपा संकल्प रैली में अमित शाह ने समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी पर कांग्रेस के हर घोटाले में साथ देने का आरोप भी लगाया और सभी पर प्रहार किया।

अमित शाह ने नुमाइश मैदान में भरी भीड़ से भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता दिलाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को एक बार उत्तर प्रदेश में मौका देकर देखिए। युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था दुरूस्त होगी तो फिर यहां पर इंडस्ट्री लगेगी। बिजली की सारी समस्या ठीक होगी तो फिर बंद पड़ी फैक्ट्री चल पड़ेगी।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछली तीन बार से समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी ने राज किया है। इनकी मदद से दिल्ली में दस साल पर मनमोहन सिंह की सरकार ने काम किया। काम तो कुछ भी नहीं हुआ हर जगह पर व्यापक भ्रष्टाचार सामने आया। अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले सामने आए थे। नरेंद्र मोदी की सरकार के कार्यकाल में एक भी घोटाला सामने नहीं आया है। कांग्रेस की सरकार में घोटाले ही घोटाले नजर आते थे।

यूपीए सरकार में कांग्रेस, सपा और बसपा ने मिलकर जमकर घोटाला किया। कांग्रेस की मदद से सपा तथा बसपा ने उत्तर प्रदेश में शासन चलाया। उत्तर प्रदेश में मायावती सरकार में 163 फीसदी रेप की घटनाएं बढ़ी थी तो फिर समाजवादी पार्टी इससे भी आगे बढ़ गई। सपा सरकार ने ‘लॉ एंड ऑर्डर’ को ‘लो एंड ऑर्डर’ कर दिया। अराजकता चरम पर है। हर तरफ गरीब, किसान व मजदूर के साथ आम आदमी परेशान है।

उन्होंने कहा चाचा (शिवपाल) खाएंगे। भतीजा (अखिलेश) खाएगा और बचा तो आजम चाट जाएगा। सपा सरकार में लॉ एंड आर्डर का मतलब, ‘लो और आर्डर’ दो। शाह ने कहा कि बिना सरकार की मदद के मथुरा जैसा कांड होना संभव नहीं। सपा सरकार ने रामवृक्ष यादव को पैदा कर दिया। बिना सहयोग के कोई इतना बड़ा कांड नहीं कर सकता। यूपी में कल्याण सरकार के दौरान लॉ एंड आर्डर था। अखिलेश और माया सरकार में लॉ एंड आर्डर ध्वस्त हो गया है। उन्होंने कहा अखिलेश ने चैनल पर कहा था मुख्तार नहीं आएगा, लेकिन क्या हुआ अब वे सपा के हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो