script

रासलीला में दबंगों ने की अंधाधुंध फायरिंग, महिला की मौत

locationइटावाPublished: Jun 15, 2018 03:46:15 pm

Submitted by:

Ashish Pandey

नौ लोगों को लगी गोली, कई की हालत गंभीर, सैफई पीजीआई में चल रहा है इलाज।
 

Dominants fired blindly

रासलीला में दबंगों ने की अंधाधुंध फायरिंग, महिला की मौत

 इटावा. सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के क्षेत्र जसंवतनगर के परसौआ गांव में गुरुवार देर रात रासलीला के दौरान दो पक्षो में जमकर फायरिंग हुई, जिसमे सीतापुर में तैनात सिपाही की मॉ की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं नौ लोग गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हों सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
रासुका के तहत होगी कार्यवाही

एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गांव के लोग चंदा करके रासलीला का आयोजन करवा कर रहे थे, लेकिन प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर पहले से दो पक्षों के बीच चले आ रहे विवाद में हुई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई तथा नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया कि इस मामले के सभी आरोपियो के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही अमल मे लाई जा रही है। सभी आरोपियो के शस्त्र लाइसेंस निरस्त भी किये जाएंगे क्यों कि अधिकाधिक फायरिंग लाइसेंसी शस्त्रों से ही की गई है।
शस्त्र लाइसेंस भी होगे निरस्त
उन्होने बताया कि परसौआ गांव के अनिल कुमार के यहां आदर्श श्री गिरिराज कृष्ण प्रेम संस्थान गोवर्धन के बैनर तले रासलीला का प्रोग्राम हो रहा था, पुरोहित रासविहारी रासलीला सुना रहे थे तभी रात्रि पौने बजे गांव के ही दबंग नीलेश यादव के नाम से पुरस्कार बोला गया, जिसमें नाम के बाद बॉस लगाने को लेकर नीलेश के लोग तथा लऊआ उर्फ उपदेश पुत्र रामप्रकाश के बीच कहासुनी हो गई। लऊआ ने कहा कि नाम के साथ बॉस शब्द नहीं बोला जाएगा। दोनो पक्षों में इसको लेकर नोंकझोंक होने लगी और कुछ ही देर मे फायरिंग होने लगी। फायरिंग होते ही अफरातफरी मच गई। दोनो पक्षो मे हुई फायरिंग मे दर्शक सुशीला देवी (60) पत्नी रामशंकर कठेरिया निवासी परसौआ के गोली लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीबारी होते ही रासलीला में मची भगदढ़
कई राउंड फायरिंग होने से मंच के समीप खडे रासलीला सुनाने वाले पुरोहित रासविहारी पुत्र बच्चूलाल शर्मा निवासी गोवर्धन के पीठ में गोली लगी जिससे वह गंम्भीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग की चपेट मे आने से रमाकांती (26) पत्नी अनिल कुमार, अखिलेश देवी (40) पत्नी अमर चंन्द्र सविता, सपना (16) पुत्री मलखान सिंह, रेखा (24) पत्नी राजीव सविता, चरणा देवी (42) पत्नी जयवीर सिंह, अनिल कुमार (33) पुत्र उमाशंकर, सुखवीर सिंह (30) पुत्र रामवकील, लऊआ उर्फ उपदेश पुत्र रामप्रकाश निवासीगण परसौआ थाना जसवंतनगर गोलियां लगने से घायल हो गए। रासलीला सुनने के लिये भैसान, नगला झडू, खुशालपुरा, ललखौर ,निलोई, शाहजापुर, पडरपुरा, उतरई, नगला निहाल आदि गांवों से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं तथा पुरुष पहुंचे थे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने घायलों को उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनीवसिर्टी में भर्ती कराया, जहां पर कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
वर्चस्व को लेकर हो रहा है संघर्ष

परसौआ गांव मे रासलीला के दौरान हुई फायरिंग की घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले भी वर्चस्व को लेकर कई बार सार्वजनिक स्थलों पर फायरिंग हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने कभी दबंगों पर शिकंजा नहीं कसा जिसके चलते आए दिन वर्चस्व को लेकर कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। नगर के छिमारा रोड तथा परसौआ गांव में वर्चस्व को लेकर कई बार फायरिंग हो चुकी है।
कुख्यात अपराधी नीलेश यादव का है आंतक

आखिरकार पुलिस अतीत की घटनाओं को नजरअंदाज करती चली आ रही है। पूर्व में शस्त्र लाइंसेसों से हुई फायरिंग के बाद शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाही पुलिस ने क्यों नहीं की। परसौआ गांव मे प्रधानी को लेकर दो पक्षों में गहरा तनाव है। यही नहीं कुख्यात नीलेश यादव का समर्थित ग्राम प्रधान वर्तमान में है। वहीं दूसरा पक्ष लऊआ उर्फ उपदेश के परिजन भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं। दोनों पक्षों के आपसी तनाव के कारण निर्दोष लोगों की आखिरकार कब तक जाने जाती रहेंगी। सपा शासनकाल में भी कई बार फायरिंग की घटनाएं हुर्इं लेकिन पुलिस द्वारा दबंगों के विरूद्व प्रभावी कार्रवाही नहीं की गई।
बिना अनुमति कैसे बज रहा था साउंड
इस घटना के लिए पुलिस प्रशासन भी कठघरे में है। उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा हाल ही में दिये गये निर्देश के अनुसार रात्रि 10 बजे के बाद साउंन्ड पूर्णतय प्रतिबन्धित है। रासलीला जैसे कार्यक्रम के लिये आयोजक द्वारा अनुमति नहीं ली गयी थी। यदि अनुमति ली गयी होती तो हजारों दर्शकों की सुरक्षा के लिये पुलिस बल भी मुहैया कराया जाता। अनुमति के संम्बन्ध में एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्र ने बताया कि परसौआ गांव में रासलीला आयोजन के लिये उनके कार्यालय में किसी ने अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया था।
चलाई सौ से अधिक गोलियां
रासलीला के दौरान परसौआ गांव में 83 राउंन्ड गोलियां चलीं, जिसको देखकर दर्शक बुरी तरह सहमे हुए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने 83 खोखे बरामद किए हैं, जिसमें 315 बोर,12 बोर, 32 बोर के खोखे शामिल हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो