इटावा

गांधी के सहारे शिवपाल का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रीय सम्मेलन से पहले मुलायम के लोग दिखाएंगे ताकत!

सपा के राष्ट्रीय सम्मेलन से पहले शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में शिवपाल समर्थक, इटावा में आज ‘मुलायम के लोग’ निकालेंगे गांधी जयंती यात्रा

इटावाOct 02, 2017 / 09:34 am

Hariom Dwivedi

इटावा. आज देश भर में लोग गांधी जयंती मना रहे हैं। इस अवसर पर संस्थाओं और स्कूलों में बापू की याद में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इटावा में पिछले सात सालों से गांधी जयंती पर यात्रा निकाली जाती है। इस बार भी निकाली जा रही है, लेकिन उसे मायने अलग निकाले जा रहे हैं। गांधी यात्रा का आयोजन समाजवादी पार्टी के नाराज कार्यकर्ताओं द्वारा बनाया गया ‘मुलायम के लोग’ नामक संगठन कर रहा है। इस यात्रा में इटावा की जसवंतनगर सीट से सपा विधायक व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि 5 अक्टूबर को आगरा में होने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले शिवपाल समर्थक इस आयोजन के बहाने पार्टी आलाकमान को अपने नेता की ताकत का एहसास कराएंगे।
एक हिंदी समाचार पत्र से बातचीत में गांधी यात्रा के आयोजक फरहान शकील ने कहा कि गांधी जयंती पर गांधी यात्रा आयोजन परंपरागत है, लेकिन इस बार जिस माहौल में यात्रा निकल रही है, वो हर बार से अलग है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावना अपने नेता शिवपाल सिंह को मजबूत करना है। इसको जिसे शक्ति प्रदर्शन समझना है, वो समझे। फरहान शकील ने कहा कि गांधी यात्रा का उद्देश्य गांधी जी के सत्य अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
दो धड़ों में बंट चुकी है समाजवादी पार्टी
2017 के विधानसभा चुनाव के समय से यादव परिवार अंतर्कलह से जूझ रहा है। प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता दो धड़ों में बंट चुके हैं। चाचा-भतीजे की लड़ाई के चलते सपा का गढ़ कहे जाने वाले इटावा में समाजवादी पार्टी दो धड़ों में बंट चुकी है। एक धड़ा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ है तो दूसरा धड़ा जसवंतनगर से सपा विधायक शिवपाल यादव के साथ। मुलायम परिवार में कुनबे की कलह के दौरान पार्टी में मुलायम और शिवपाल की उपेक्षा को देखते हुए इनके समर्थकों ने जिले में ‘मुलायम के लोग’ नाम का संगठन बना लिया था। यह संगठन इस बार इटावा में गांधी यात्रा निकाल रहा है।
यात्रा के आयोजक हैं फरहान शकील
गांधी जयंती पर गांधी यात्रा की शुरुआत मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष रह चुके फरहान शकील ने की थी। लेकिन अब वह समाजवादी पार्टी में किसी पद पर नही हैं। लेकिन गांधी जयंती पर निकलने वाली गांधी यात्रा का आयोजन फरहान शकील ही कर रहे हैं।

Home / Etawah / गांधी के सहारे शिवपाल का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रीय सम्मेलन से पहले मुलायम के लोग दिखाएंगे ताकत!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.