scriptफ्रांस में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिया भारतीय प्रवासियों को विकास का मंत्र | Venkaiah Naidu give ideas of Development to Indian Migrants | Patrika News
यूरोप

फ्रांस में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिया भारतीय प्रवासियों को विकास का मंत्र

फ्रांस के साथ भारत के दीर्घकालीन और परस्पर मजबूत संबंध की याद दिलाते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर के विचारों से कई फ्रांसीसी विचारक प्रभावित हुए थे।

Nov 10, 2018 / 07:47 pm

mangal yadav

 उपराष्ट्रपति

फ्रांस में वेंकैया नायडू ने भारतीय प्रवासियों को दिया विकास का मंत्र

पेरिसः उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि भारत हमेशा शांति और अहिंसा का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि एक दूसरे पर निर्भरता से दुनिया की प्रगति बातचीत और आपसी समझ से प्राप्त की जा सकती है। वेंकैया नायडू फ्रांस की राजधानी पेरिस में यूनेस्को में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “तरक्की के लिए शांति पहली शर्त है। एक दूसरे पर आश्रित संसार में बातचीत और आपसी समझ से ही प्रगति हासिल की जा सकती है।” उन्होंने भारत सरकार के साहसिक सुधार कार्यक्रामें की सराहना की और कहा कि सरकार देश के अकादमिक परिदृश्य में बदलाव ला रही है।

नायडू ने प्रवासी भारतीय समुदाय से न्यू इंडिया के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने की अपील की और उनसे भारत में निवेश और नवाचार के लिए उपयुक्त अवसरों का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने कहा, “प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए सक्रिय रूप से अपनी जड़ों से जुड़ने का भी यह सही समय है।” उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी, उद्योग, कृषि, कला, संस्कृति, शासन या राजनीति के क्षेत्र में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान और सफलता फ्रांस के साथ-साथ उनके अपने देश भारत के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने कहा, ” विदेशों में निवासी करने वाले भारतवंशियों ने फ्रांस में सार्वजनिक जीवन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। इनमें से कई फ्रांस और यूरोपीय संसद में सांसद भी हैं।”

फ्रांस के साथ भारत के दीर्घकालीन और परस्पर मजबूत संबंध की याद दिलाते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर के विचारों से कई फ्रांसीसी विचारक प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि मैडम भीकाजी कामा और जेआरडी टाटा जैसे भारतीय इतिहास की दिग्गज हस्तियों के भी फ्रांस के साथ घनिष्ठ संबंध थे। उपराष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत और फ्रांस के संयुक्त प्रयासों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि विकास में भारत और फ्रांस की साझेदारी दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं, विशेष रूप से स्मार्ट शहरीकरण और परिवहन के क्षेत्र में बहुत लाभकारी साबित हुई है।

Home / world / Europe News / फ्रांस में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिया भारतीय प्रवासियों को विकास का मंत्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो