यूरोप

रोमानिया की प्रधानमंत्री के साथ वेंकैया नायडू ने की बैठक, दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते

वेंकैया नायडू ने बुधवार को रोमानिया की प्रधानमंत्री वियोरिका डैन्सिला से मुलाकात की। बैठक में कई अहम मुद्दे पर चर्चा हुई।

Sep 19, 2018 / 09:46 pm

mangal yadav

रोमानिया की प्रधानमंत्री के साथ वेंकैया नायडू ने की बैठक, दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते

बुखारेस्टः उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने बुधवार को रोमानिया की पहली महिला प्रधानमंत्री वियोरिका डैन्सिला से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच प्रतिनिधिस्तर की वार्ता हुई। बैठक में आईसीटी, विनिर्माण, औषधि, आधारभूत संरचना, रसद, कृषि-खाद्य पदार्थ, पर्यटन जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर दोनो देशों के बीच एक समझौता भी हुआ है। बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में वेंकैया नायडू ने कहा है कि उन्हें खुशी है कि रोमानिया ने चेन्नई में वाणिज्य दूतावास खोलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।

दोनों देशों के रिश्ते होंगे और मजबूतः नायडू
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि भारत ने रोमानिया में आयुर्वेद केंद्र खोलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के बारे में अधिक से अधिक जानकारी यहां के लोगों को दी जाएगी। नायडू ने कहा कि आयुर्वेदिक उपचार प्रदान करने के लिए विशेषज्ञों के साथ कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि इस खूबसूरत देश का दौरा करने का मौका मिला। यह दौरा हमारे 70 साल के कूटनीतिक रिश्तों के लिए एक बड़ा मौका है क्योंकि हमारे रिश्ते 70 साल के मुकाम को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वर्ष रोमेनिया का शताब्दी वर्ष भी है।

 

https://twitter.com/ANI/status/1042432750580580353?ref_src=twsrc%5Etfw

रोमानिया के राष्ट्रपति से भी मुलाकात
इससे पहले वेंकैया नायडू ने रोमानिया के राष्ट्रपति क्लाउस वेरनेर लोहानिस से मुलाकात की और व्यापार,सूचना प्रोद्योगिकी रक्षा समेत द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने आतंकवाद पर भी चिंता जताई। इसके अलावा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने बुधवार को बुखारेस्ट में संसद भवन में रोमानिया के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष लिविउ ड्रगने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने लोकतांत्रिक संस्थानों के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। बता दें कि वेंकैया नायडू अपने विदेश दौरे के अंतिम पड़ाव पर हैं और वे 20 सितंबर तक रोमानिया में ही रहेंगे।

Home / world / Europe News / रोमानिया की प्रधानमंत्री के साथ वेंकैया नायडू ने की बैठक, दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.