फैजाबाद

भगवान राम की सबसे विशाल मूर्ति लगाने की तैयारी में योगी सरकार, अयोध्या में तैयारियां हुईं तेज

छोटी दिवाली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के विकास को लेकर 135 करोड़ की बड़ी योजना की घोषणा कर सकते हैं

फैजाबादOct 10, 2017 / 01:25 pm

अनूप कुमार

Yogi In Ayodhya

फैजाबाद. ‘नव्य अयोध्या’ प्लान के तहत यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार अयोध्या में सरयू नदी के किनारे भगवान राम और माता सीता की एक विशाल मूर्ति बनाने की घोषणा कर सकती है। इसके लिए सरयू तट के किनारे स्थान का चयन भी किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अयोध्या में सरयू तट के किनारे बनने वाली इस विशालकाय प्रतिमा की ऊंचाई 100 फीट हो सकती है, लेकिन अभी यह तय नहीं है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने राज्यपाल राम नाईक के समक्ष राजभवन में ‘नव्य अयोध्या’ का प्रस्तुतीकरण दिया।
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने प्रजेंटेशन में 18 अक्टूबर को अयोध्या में होने वाले राम राज्याभिषेक कार्यक्रम, राम बारात और भव्य दीपावली वाले दीवाली समारोह के लिए तय किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। छोटी दिवाली पर अयोध्या में राम की पैड़ी पर 1 लाख 71 हजार दीपक जगमाएंगे। रामलीला का भी मंचन होगा, जिसमें थाईलैंड और इंडोनेशिया के कलाकर अपना टैलेंट दिखाएंगे।
‘योजना को धरातल पर आने में समय लगेगा’
नव्य योजना के सवाल पर प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी ने कहा कि पर्यटन विभाग अयोध्या को भव्य और सुंदर बनाने की कई योजनाओं पर काम कर रहा है, उन्हीं योजनाओं में से एक प्रस्ताव ‘नव्य अयोध्या’ का भी है। इस पर विचार किया जा रहा है, लेकिन इस योजना को धरातल पर आने में अभी समय लगेगा। प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी ने कहा कि अयोध्या को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सरकार में बहुत सारी योजनाएं हैं। छोटी दिवाली के दिन मुख्यमंत्री खुद इसकी घोषणा करेंगे।
भव्य कार्यक्रम की तैयारियां तेज
उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार और उसके मंत्री साल 2017 की दीपावली अयोध्या में मनाएंगे। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीराम के अयोध्या वापस आने के दिन से दीपावली की परम्परा की शुरुआत हुई थी। उसी महत्व को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक के भव्य कार्यक्रम की योजना तैयार की है। इसके लिए प्रदेश सरकार के कई बड़े अधिकारी और स्वयं प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी और पर्यटन विभाग के निदेशक अखंड प्रताप सिंह इस समय अयोध्या में मौजूद रहकर इस भव्य कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
छोटी दिवाली पर बड़ा गिफ्ट दे सकते हैं सीएम योगी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़, 18 अक्टूबर को छोटी दिवाली के दिन होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के विकास को लेकर 135 करोड़ की बड़ी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। इसके अलावा सरकार की योजना अयोध्या और राम से जुड़े सभी स्थानों को विकसित करने की भी है।

Home / Faizabad / भगवान राम की सबसे विशाल मूर्ति लगाने की तैयारी में योगी सरकार, अयोध्या में तैयारियां हुईं तेज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.