फरीदाबाद

‘आप’ प्रत्याशी नवीन जयहिंद ने भरा फरीदाबाद से पर्चा,आवाज उठाने पर दर्ज हुए हैं इतने केस!

नवीन ने अपने नामांकन दाखिल करते वक्त बताया कि उनके पास न अपनी जमीन है न अपना घर…
 

फरीदाबादApr 23, 2019 / 04:58 pm

Prateek

naveen

(चंडीगढ़,फरीदाबाद): फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी व जननायक जनता पार्टी गठबंधन की तरफ से नामांकन दाखिल करने वाले नवीन जयहिंद के खिलाफ चार केस दर्ज हैं। जिनकी सुनवाई विभिन्न अदालतों में चल रही है। यह चारों मामले किसी अपराधिक घटना से संबंधित नहीं बल्कि सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने पर तत्कालीन सरकार द्वारा दर्ज करवाए गए हैं।

 

नामांकन पत्र दाखिल करते समय चुनाव आयोग के समक्ष दायर किए गए शपथ पत्र में नवीन जयहिंद ने जहां अपनी कुल संपत्ति महज 74 हजार 651 रुपए बताई है वहीं उनकी पत्नी स्वाति मालीवाल की कुल संपत्ति चार लाख 72 हजार 143 रुपए बताई गई है। शपथ पत्र के अनुसार वर्ष 2013 में नवीन जयहिंद ने आर.टी.आई कानून में संशोधन की मांग पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन का घेराव करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उनके विरूद्ध मामला दर्ज कर दिया।


हरियाणा की वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा गायों के नाम पर शुरू की गई योजनाओं का जब कोई परिणाम नहीं आया तो नवीन जयहिंद के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी मंत्रियों के घरों के आगे खूंटा गाड अभियान चलाकर लावारिस गायों को वहां बांधना शुरू किया। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के रोहतक आवास पर खूटा गाड अभियान के विरूद्ध जयहिंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जब रोहतक में आए तो हरियाणा की बुरी हालत पर नवीन जयहिंद व साथियों ने शाह से पांच सवाल पूछने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर दिया। हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा पिछले साढे चार साल के दौरान काम की बजाए कांड किए गए तो आम आदमी पार्टी ने भाईचारा कांवड़ यात्रा निकाली। यह भी सरकार को पसंद नहीं आई और सरकार ने पानीपत में मामला दर्ज करवा दिया।

 

चुनाव आयोग के समक्ष दायर पत्र में नवीन जयहिंद ने अपनी अंतिम वार्षिक आय दो लाख 71 हजार 203 रुपए बताई है। नवीन के पास दस हजार रुपए नगद तो 15 हजार 400 रुपए कीमत का सोना तथा 3224 रुपए की चांदी है। नवीन जयहिंद के एसबीआई स्थित बैंक खाते में 46 हजार 27 रुपए तथा आईडीबीआई स्थित बैंक खाते में 3996 रुपए जमा हैं।

Home / Faridabad / ‘आप’ प्रत्याशी नवीन जयहिंद ने भरा फरीदाबाद से पर्चा,आवाज उठाने पर दर्ज हुए हैं इतने केस!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.