scriptहरियाणा:आम चुनाव के मद्येनजर महिला कांग्रेस ने कसी कमर,सभी लोकसभा क्षेत्रों में होगी क्रांति महिला अधिकार यात्रा | haryana women congress started preparation of lok sabha election | Patrika News

हरियाणा:आम चुनाव के मद्येनजर महिला कांग्रेस ने कसी कमर,सभी लोकसभा क्षेत्रों में होगी क्रांति महिला अधिकार यात्रा

locationफरीदाबादPublished: Feb 13, 2019 05:49:10 pm

Submitted by:

Prateek

महिला कांग्रेस अध्यक्षा ने बैठक में लगाई डयूटियां…
 

congress

congress

(फरीदाबाद,पंचकूला): आगामी चुनाव के दौरान महिला कांग्रेस ने अपनी हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। जिसके चलते न केवल महिला कार्यकर्ताओं व नेत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में महिला अधिकार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।

 

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सुमित्रा चौहान ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हरियाणा में महिला कांग्रेस ने आगामी चुनाव के मद्देनजर तैयारी शुरू कर दी है। जिसके चलते आगामी 20 व 21 फरवरी को पंचकूला में महिला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों, विधानसभा संयोजकों व प्रदेश पदाधिकारियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

 

चौहान ने बताया कि 21 फरवरी को महिला कांग्रेस की 178 ब्लाक अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से महिला नेत्रियों को चुनाव के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने, मीडिया प्रबंधन, बूथ प्रबंधन आदि के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इस शिविर के बाद 22 फरवरी से हरियाणा के सभी जिलों में महिला अधिकार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलनों के दौरान कांग्रेस पार्टी के साथ अधिक से अधिक महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा। सुमित्रा चौहान ने बताया कि पांच मार्च से हरियाणा में क्रांति महिला अधिकार यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा पंचकूला से शुरू होकर प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों से होकर निकलेगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र को एक दिन दिया जाएगा।


सुमित्रा चौहान ने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से महिला कांग्रेस द्वारा शहरों में रोड शो किया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के आयोजन को सफल बनाने के लिए नीना राठी को क्रांति महिला अधिकार यात्रा का संयोजक बनाया गया है जबकि सुधा भारद्वाज को पंचकूला में होने वाले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का संयोजक व उपेंद्र कौर आहलूवालिया को महिला कांग्रेस के कार्यक्रम मैं साहस हूं का संयोजक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर हरियाणा महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं राजस्थान प्रभारी रंजीता मेहता, मीनाक्षी शर्मा, सीमा भारद्वाज, सुष्मा खन्ना के अलावा कई नेत्रियां मौजूद थी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो