फर्रुखाबाद

महिला से लूट, राहगीर ने विरोध किया तो मार दी गोली

बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े महिला को तमंचे के बल पर धमका कर उसके जेवर लूट लिए।

फर्रुखाबादNov 08, 2017 / 06:39 pm

Ashish Pandey

2 million looted from bank cashier

फर्रुखाबाद. वो दंबंग थे और महिला से लूट कर रहा था, एक राहगीर को यह नागवार गुजरा तो उसने इसका विरोध किया तो उसका ऐसा हाल कर दिया कि वहां से गुजरने वाले लोग भी दंग रह गए। लुटेरे ने राहगीर को गोली मार दी, उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र का है, जहां पर बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े महिला को तमंचे के बल पर धमका कर उसके जेवर लूट लिए। वहां से गुजर रहे बोरिंग मिस्त्री को यह नागवार गुजरा उसने विरोध किया तो लुटेरों ने उसे गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर तत्काल एएसपी ने थाने पहुंच घटना की जानकारी ली। कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के गांव अंबेडकर निवासी सुभाष चंद्र शर्मा सेना में थे। उनकी मौत हो चुकी है उनकी पत्नी दर्शनादेवी को पेंशन मिलती है।
वह मंगलवार सुबह पेंशन के काम से बेटे कमलेश के साथ बाइक से फतेहगढ़ आ रहीं थीं। वह अभी जहानगंज के गांव चुरसई के पास पहुंची ही थीं कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर लिया कमलेश की बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा अड़ाकर दर्शना देवी से सोने की चेन व कुंडल लूट लिए।
इसी दौरान चुरसई निवासी बोरिंग मिस्त्री सतेंद्र राजपूत और कुलदीप राजपूत बाइक से निकले। दोनों ने लूटपाट देख बाइक रोककर बदमाशों को ललकारा और उनकी ओर दौड़े पड़े। दोनों को अपनी ओर आता देख एक बदमाश ने फायर झोंक दिया। इसके बावजूद सतेंद्र ने दौड़कर एक बदमाश को दबोच लिया। इस पर दूसरे बदमाश ने सतेंद्र को गोली मार दी, गोली सतेंद्र के पेट में लगी और वह वहीं गिर गया। इस बीच बदमाश बाइक से फरार हो गए।
कुलदीप ने गांव जाकर वारदात की सूचना ग्रामीणों को दी। कुछ देर में सतेंद्र का भाई गौतम और कुछ ग्रामीण पहुंच गए। परिजनों ने घायल को बाइक से लोहिया अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। डॉक्टर योगेंद्र सिंह ने उनका इलाज किया। दर्शना देवी और बेटे ने थाने जाकर वारदात की सूचना दी। इस पर जहानगंज एसओ संजय गुप्ता ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल से जानकारी ली। एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद हजारीलाल ने भी थाने पहुंचकर दर्शना देवी और उनके बेटे से जानकारी ली। कमलेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
 

Home / Farrukhabad / महिला से लूट, राहगीर ने विरोध किया तो मार दी गोली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.