फैशन

इस बसंत छाएगा विंटर यलो फैशन

पीले रंग को वसंत का रंग कहा जाता है, लेकिन इस बार यह रंग वसंत से कुछ समय पहले ही दिखने लगा है

Jan 15, 2017 / 10:09 am

सुनील शर्मा

bright yellow color

पीले रंग को वसंत का रंग कहा जाता है, लेकिन इस बार यह रंग वसंत से कुछ समय पहले ही दिखने लगा है। सर्दी शुरू होने के साथ ही इस रंग की मांग बढ़ गई है। यही वजह है कि सभी डिजाइनर्स के कलेक्शन में ये नजर आ रहा है। इस रंग का प्रयोग सभी तरह के परिधानों के लिए भी डिजाइनर्स कर रहे हैं।

लॉन्ग कोट
नाइट गाउन स्टाइल के ओवरसाइज्ड लॉन्ग कोट को सभी तरह के परिधानों के साथ पसंद किया जा रहा है। इसे जीन्स के अलावा एंकल लेंथ पैंट के साथ भी पहना जा सकता है। साथ में नेकपीस ज्वैलरी को हाइलाइट किया जा सकता है।

बटन डाउन जैकेट
जैकेट्स में यह रंग सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। बटन डाउन जैकेट में इसे फर और बड़े बटन के साथ लोग पसंद कर रहे हैं। इसके साथ आप स्किन फिट जीन्स भी पहन सकती हैं। अगर इसके साथ एंकल लेंथ फुटवियर पहनती हैं तो और निखर कर आएगा।

इस साल जो ट्रेंड सामने आ रहा है, उनमें जिप्स को कम से कम किया जा रहा है। यह सिर्फ पॉकेट्स तक सिमट गई हैं। इसका लुक भी बेहतर लगेगा। ब्राइट यलो रंग के जैकेट और कोट के साथ ही स्कर्ट भी आजमा सकती हैं। ए-लाइन स्कर्ट अच्छी लगेगी। बलून जैकेट और स्टाइलिश कार्डिगन में भी इसे आजमा सकती हैं।

जूनियर्स का भी कूल कलर
बच्चों के लिए भी आप सर्दी के इस मौसम में पीले रंग चुन सकती हैं। जैकेट और कोट के साथ ही यह रंग कुर्ते पर भी अच्छा लगेगा।

फंकी जैकेट विद हुड
जुड़ी हुई टोपी के साथ जैकेट न सिर्फ लड़कों, बल्कि लड़कियों के लिए भी पसंद की जा रही हैं। पीले रंग के जैकेट्स ज्यादा डिमांड में हैं। इसके बाद लाल और नीला रंग आता है। काला और भूरा रंग फैशन से बाहर चल रहा है।

इस लुक के लिए चटकीले पीले वूलन सूट पर लाल या नीले रंग की कढ़ाई करवा सकती हैं। पीले सूट के साथ व्हॉइट कलर की लैगिंग या सलवार न केवल बड़ों बल्कि बच्चों को भी पहनाया जा सकता है। यह कैजुअल और फॉर्मल दोनों लुक में हैं।

बाबा सूट और डांगरी
बाबा सूट और डांगरी भी इसी कलर में पसंद की जा रही है। इसके साथ सलेटी कलर को कम्बाइन किया जा रहा है। इसके साथ लाल और नीले रंग को भी मैच किया जा सकता है।

Home / Fashion / इस बसंत छाएगा विंटर यलो फैशन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.