script

विदेशी मैडम को भाया सुहागनगरी का दूल्हा, आज लेंगे सात फेरे

locationफिरोजाबादPublished: Dec 14, 2017 12:57:13 pm

Submitted by:

suchita mishra

हिंदू रीतिरिवाजों से फिरोजाबाद में आज होगी धूमधाम से शादी। अमेरिका में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी।

American Bride

American Bride

फिरोजाबाद। सात समुंदर पार नौकरी के लिए गए सुहागनगरी के एक युवक को अमेरिका की युवती दिल दे बैठी। दोनों में बातचीत हुई फिर धीरे—धीरे गहरे दोस्त बन गए। साथ समय बिताते हुए ये दोस्ती प्यार में बदल गई। अब युवती अमेरिका से अपने परिवार के साथ शादी के लिए फिरोजाबाद आ गई है। आज यानी 14 दिसंबर को दोनों स्टेशन रोड स्थित जीआर प्लाजा में सात फेरे लेंगे। दोनों परिवारों में शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। हिन्दू रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
अमेरिका में मिले थे दोनों
फिरोजाबाद के गली बोहरान निवासी पूर्व सभासद सत्यकांत शर्मा के बेटे शलभ शर्मा अमेरिका की यूनिवर्सिटी आॅफ जॉर्जिया में प्रोफेसर पद पर तैनात थे। इसी दौरान यूनिवर्सिटी में ही रिसर्च करने वाली एमी पेंग पुत्री कुट पेंग से उनकी मुलाकात हुई। बातचीत होने पर दोनों के विचार काफी मिलते जुलते लगे। इस कारण दोनों की दोस्ती हो गई। शलभ और एमी एक साथ कई बार फ्रीलांसर के रूप में फोटो शूट करने भी जाते थे। तीन साल तक समय बिताते हुए दोनों एक दूसरे कोे पसंद करने लगे। जब दोनों ने एक होने की बात अपने परिजनों से कही तो वे उनकी खुशी के लिए राजी हो गए। उसके बाद दोनों की शादी तय की गई।
परिजनों संग एमी आई फिरोजाबाद
अमेरिका से एमी और उसका परिवार फिरोजाबाद आ चुका है। बुधवार की शाम को एमी को मेहंदी लगाई गई। इस दौरान वह काफी खुश थीं। शलभ के परिवार की महिलाएं इस रस्म को पूरा करने में जुटी रहीं। एमी को हिन्दू रीति रिवाज से शादी करना काफी भा रहा है। साथ में उनके पिता कुट पेंग, मां लिन पेंग भी हैं।
अंग्रेजी जानने वाली महिलाएं रस्मों में कर रही मदद
कांचनगरी के लिए यह पहला मौका है जब कोई विदेशी युवती सुहागनगरी में आकर सात फेरे लेगी। एमी की रस्मों को पूरा कराने के लिए ऐसी महिलाओं को भेजा गया है, जिनको बेहतर अंग्रेजी बोलना आती हो। ताकि ये महिलाएं एमी और उनके परिवार को आसानी से सारी बातें समझा सकें।
हिंदू रीति रिवाजों से बंधेंगे परिणय सूत्र में
शहर के स्टेशन रोड स्थित जीआर प्लाजा में शादी समारोह आयोजित होगा। इसी होटल में एमी का परिवार रुका हुआ है। यहां आज दोनों की शादी धूमधाम से होगी। अमेरिका की एमी हिन्दू परिधानों में सजी नजर आएंगी और देर शाम दोनों जयमाला के बाद एमी और शलभ एक दूसरे के हो जाएंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो