scriptनिकाय चुनाव से पहले फिरोजाबाद में पकड़ी अवैध तमंचा हथियार की फैक्ट्री | Illegal gun factory Busted by Firozabad police hindi news | Patrika News

निकाय चुनाव से पहले फिरोजाबाद में पकड़ी अवैध तमंचा हथियार की फैक्ट्री

locationफिरोजाबादPublished: Nov 15, 2017 10:51:35 am

पुलिस ने अवैध रूप से बनाई जाने वाली तमंचे की फैक्ट्री को पकड़ लिया है।

 gun factory Busted
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से बनाई जाने वाली तमंचे की फैक्ट्री को पकड़ लिया है। मौके से बने और अधबने तमंचे बरामद हुए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को भी दबोच लिया। माना जा रहा है कि निकाय चुनाव में अवैध रूप से बन रहे तमंचों की सप्लाई की जानी थी। इससे पहले कि चुनाव में तमंचों की सप्लाई हो पाती पुलिस ने छापेमारी कर दी।
शिकोहाबाद में पकड़ी गई फैक्ट्री

फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के गांव नगला हेंडल में तमंचा बनाने की फैक्ट्री लंबे अरसे से चल रही थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि गांव में बड़े स्तर पर तमंचा बनाने की फैैक्ट्री चल रही है। सूचना पर थानाध्यक्ष ऊदल सिंह पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर तमंचा बना रहे आरोपियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर उनमें से एक आरोपी को दबोच लिया।

बाहर भी भेजे जाते थे अवैध तमंचे

शिकोहाबाद के गांव में बन रहे अवैध तमंचों की फैक्ट्री में बन रहा सामान दूसरे जिलों में भी भेजा जाता था। हथियार शिकोहाबाद के अलावा फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, एटा , कासगंज जिलों में सप्लाई की जाती है। एसपी देहात महेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध रूप से तमंचा बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही है। जानकारी होने पर कार्रवाई की गई थी। मौके पर दर्जन भर से अधिक बने हुए तमंचे और अधबने तमंचे समेत तमंचा बनाने का सामान भी बरामद हुआ है। पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। इनके द्वारा बनाए गए तमंचे दूसरे जिलों में भेजे जाते थे।

निकाय चुुनाव में भी हो सकती थी सप्लाई

माना जा रहा है कि निकाय चुनाव में अवैध तमंचों की सप्लाई की जानी थी। जिले की शांति व्यवस्था में अवैध तमंचा फैक्ट्री व्यवधान पैदा कर सकती थी। इससे पूर्व करीब एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने अवैध रूप से चल रही तमंचे की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। 10 दिन के अंदर पुलिस को यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो