फिरोजाबाद

मेयर की ताजपोशी के लिए भव्य रूप से सजाया गया गांधी पार्क मैदान

फिरोजाबाद नगर निगम की पहली मेयर के तौर पर नूतन राठौर शपथ लेंगी

फिरोजाबादDec 11, 2017 / 07:57 pm

मुकेश कुमार

फिरोजाबाद। सुहाग नगरी फिरोजाबाद के पहले मेयर की ताजपोशी मंगलवार को होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। माना जा रहा है कि मेयर के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में राज्य मंत्रियों के अलावा केंद्रीय मंत्री भी आ सकते हैं। आयोजन में आने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांधी पार्क के मैदान में पंडाल लगवाया है।
कई मंत्री आऩे की उम्मीद
शपथ ग्रहण में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा की टीम पहले से ही सक्रिय थी। कोई सोशल मीडिया के जरिए तो कोई फोन करके पार्टी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण की जानकारी दे रहा है। आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। हाल ही में गुजरात चुनाव में प्रचार करने गई मेयर नूतन राठौर ने गुजरात में प्रचार करने आईं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को शपथ ग्रहण कार्यक्रम में आने का न्यौता दिया है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में आने का आश्वासन भी दिया है। संभवतः गांधी पार्क के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री के अलावा योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल समेत अन्य मंत्री भी आ सकते हैं।

तैयारियों में जुटा प्रशासन
मंत्रियों के कार्यक्रम में आने की जानकारी होने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा है। गांधी पार्क के मैदान में भव्य पंडाल लगाया गया है। समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों के बैठने के लिए भी उचित प्रबंध किए गए हैं। गांधी पार्क गेट पर ही पुलिस फोर्स तैनात रहेगा जो चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखेगा। शपथ ग्रहण में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी जिला प्रशसन द्वारा कराई गई है।

खास होगा शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण का आयोजन वैसे तो पूरे प्रदेश में मंगलवार को ही किया जाएगा। फिरोजाबाद का शपथ ग्रहण पहली बार होने जा रहा है। इसलिए यह अन्य निकायों में सबसे खास है। सबसे कम उम्र की मेयर चुनी गई नूतन राठौर के शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यवस्थाएं दुरूस्त की गई हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। नगर आयुक्त जितेन्द्र कुमार समेत एडीएम उदय प्रताप सिंह, डीएम नेहा शर्मा और एसएसपी अजय कुमार पांडे समेत तमाम अधिकारी शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद रहेंगे।
 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.