scriptपानी नहीं मिला तो हाईवे पर खड़ी कर दी खटिया, जमकर किया हंगामा | people block highway in protest against water crisis in firozabad | Patrika News

पानी नहीं मिला तो हाईवे पर खड़ी कर दी खटिया, जमकर किया हंगामा

locationफिरोजाबादPublished: Oct 25, 2017 08:04:35 pm

लोगों ने सड़क पर खटिया और बर्तन रखकर किया प्रदर्शन, तहसील अधिकारियों ने समझा बुझाकर कराया शांत

people block highway in protest against water crisis

people block highway in protest against water crisis

फिरोजाबाद। पानी नहीं मिला तो महिलाएं, बच्चे और पुरूष बुधवार को खाली बर्तन लेकर सड़क पर आ गए। महिलाओं ने सड़क पर बर्तन और चारपाई रखकर जाम लगा दिया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिससे जाम के हालात पैदा हो गए। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने किसी की बात सुनने से साफ इंकार कर दिया। सूचना पर नायब तहसीलदार, लेखपाल और काफी संख्या में पुलिस पहुंच गई। करीब 30 मिनट बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया।
ब्लाक कॉलोनी के लोगों ने लगाया जाम
फिरोजाबाद के टूंडला में हाइवे किनारे ही ब्लाक कॉलोनी है। इस कॉलोनी में सीएचसी व ब्लाक में तैनात कर्मचारियों को आवास आवंटित किए गए हैं। कॉलोनी में अभी तक तीन हैंडपंप और एक सबमर्सिबल लगी हुई थी। जिसके सहारे पानी की आपूर्ति ब्लाक कॉलोनी में की जा रही थी। धीरे-धीरे हैंडपंप खराब हो गए और फिर पूरी कॉलोनी के लोग सबमर्सिबल पर डिपेंड हो गए। विगत एक सप्ताह से सबमर्सिबल भी खराब हो गई। उसके बाद जलापूर्ति ठप हो गई। कर्मचारी और उनका परिवार पानी के लिए परेशान होने लगा। कॉलोनी के लोगों ने उच्च अधिकारियों और तहसील प्रशासन को पानी की समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सुनवाई न होने पर कॉलोनी के लोगों के सब्र का बांध टूट गया।
 

हाईवे पर लगाया जाम
पानी न मिलने से परेशान महिला, पुरूष व बच्चे बुधवार सुबह खाली बर्तन लेकर हाईवे पर आ गए। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए बर्तनों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। वे लोग सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। जाम लगते ही सुभाष चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। जानकारी होने पर नायब तहसीलदार आशीष कुमार त्रिपाठी, लेखपाल योगेन्द्र उपाध्याय समेत तमाम पुलिस मौके पर पहुंच गई। नायब तहसीलदार ने पानी की समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए पालिका अधिकारियों से बात की। बाद में लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
आधा घंटे बाद खुला जाम
लोगों को मनाने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को करीब आधा घंटे का समय लग गया। लोगों ने चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वो दोबारा जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। पानी की व्यवस्था न होने तक पालिका प्रशासन द्वारा टैंकर भेजकर पानी की आपूर्ति कराई जाएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो